उज्जैन। हरिफाटक ब्रिज पर कार सवार युवकों को स्टंटबाजी करना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों के बाद नीलगंगा पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया। जिनके खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन करने और खुद के साथ लोगों की जान जोखिम में डालने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
नीलगंगा थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि हरिफाटक ब्रिज से गुजरती कार क्रमांक एमपी 13 सीई 0723 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें एक युवक कार चला रहा था और दूसरा स्टंटबाजी करता हुआ कार की छत पर लेटा हुआ था। ब्रिज पर महाकाल मंदिर आने-जाने वाले देशभर के श्रद्धालुओं का आगमन होता है। कार सवार युवकों द्वारा स्टंटबाजी करते हुए आमजन की जान को जोखिम में डाला जा रहा था, वहीं खुद के लिये उनकी करतूत खतरनाक साबित हो सकती थी। दोनों के द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन भी किया जा रहा था। वायरल वीडियो के आधार पर कार नम्बर ट्रेस किया गया और रविवार को आजादनगर के रहने वाले हेमेन्द्र पिता विजयसिंह पाटीदार और अर्थव पिता नितेश पाटीदार निवासी पार्श्वनाथ सिटी को हिरासत में लिया गया। छत पर हेमेंन्द्र लेटा हुआ था, कार अर्थव चला रहा था। दोनों को नियमों का पाठ पढ़ाया गया तो कान पकड़कर कहने लगे कि आगे से ऐसा नहीं करेगें। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों के खिलाफ यातायात नियमों का उल्लंघन करने और आमजन की जान को जोखिम में डालने के मामले में 3 हजार रूपये जुर्माने की कार्रवाई की गई है। दोनों हिदायत देकर छोड़ा गया है। विदित हो कि शहर में तीन और चार पहिया वाहन चालकों द्वारा खुद के साथ आमजन की जान को जोखिम में डाल वाहन दौड़ाये जा रहे है। पूर्व में भी पुलिस ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। बावजूद शहर के मार्गो पर आये दिन ऐसे नजारे दिखाई दे रहे है। जिनके वीडियो सोशल मीडिया पर वारयल होने पर पुलिस के संज्ञान में आ रहे है।
महंगी पड़ी स्टंटबाजी, पुलिस ने ठोंका जुर्माना -सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो