उज्जैन। सरस्वती नगर में बुधवार-गुरूवार 2 बदमाशों ने दहशत फैलाई। युवक से 1 लाख रूपये की फिरौती मांगी, उसके दोस्त का रास्ता रोक साथ चलने का दबाव बनाया। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ 8 धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की है।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि सरस्वती नगर में रहने वाले हितेश पिता भारत यादव ने बताया कि वह ट्रेवल्स एजेंसी का संचालन करता है। रात 9 बजे वह घर से मक्सीरोड पंड्याखेड़ी जा रहा था। रास्ते में रवि डाबी और उसके साथी सावन लौहार ने रोका और कहा कि निहाल उर्फ नेनी कुशवाह बहुत तेज चल रहा है, उसका घमंड उतराने का समय आ गया है। पहले तू मेरे साथ वाइन शॉप चल, तेरा भी हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस का मेटर है। मैंने जाने से माना किया तो रवि और सावन लौहार ने गाली-गलौच कर मारपीट की। वह बचकर वहां से चला गया। रात 2 बजे वापस घर लौटा तो पड़ोस में रहने वाले निहान ने बताया कि 10.45 बजे रवि डाबी और सावन लौहार मेरे घर में घुस गये थे। दोनों ने चाकू अड़ा कर 1 लाख की फिरौती मांगी। दोनों उसे घर से बाहर लेकर आ गये थे, चाकू देख उसने फिरौती देने की बात कहीं, लेकिन पैसे नहीं होने पर दोनों मारपीट करने लगे और कहा कि कल तक रूपये देना नहीं तो जान से मार देगें। वह घर में जाने लगा तो रवि ने आवाज लगाकर रोका और पिस्टल निकालकर गोली चलाई। वह जान बचाकर घर में चला गया। रवि ने फिर से फायर किया। रात 3.40 बजे रवि ने मोबाइल पर कॉल किया और गाली-गलौच करने लगा। डरकर रात में शिकायत दर्ज नहीं कराई। चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि निहाल और हितेश गुरूवार सुबह थाने पहुंचे थे, हितेश की शिकायत पर मामले में बीएनएस की धारा 296 (2), 115 (2), 351 (3), 126 (2), 333, 308 (5), 109 (1) और 3 (5) का प्रकरण दर्ज किया गया है।
18 से अधिक अपराध दर्ज है बदमाशों पर
बताया जा रहा है कि रवि डाबी सरस्वती नगर का रहने वाला है, सावन लौहार भी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ 18 से अधिक संगीन मामले दर्ज है। रात में हुई गोली चलाने की घटना के बाद पुलिस जांच-पड़ताल के लिये गुरूवार सुबह सरस्वती नगर पहुंची थी। निहाल कुशवाह के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गये। जिसमें रवि डाबी गोली चलाता दिखाई दिया है। पुलिस दोनों की तलाश में उनके ठिकानों का पता लगाकर दबिश दे रही है। देर शाम तक दोनों गिरफ्त में नहीं आ सके थे।
बदमाशों ने युवक से फिरौती मांगकर चलाई गोली -ट्रेवल्स एजेंसी संचालक पर साथ चलने का बनाया दबाव, पुलिस ने शुरू की तलाश