पानी बर्बाद करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, अवैध बोरवेल पर रोक, तालाबों और जलापूर्ति की समीक्षा

मंदसौर। आगामी गर्मियों में मंदसौर शहर में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने विभागवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में जल निगम के कार्यपालन यंत्री अली असगर, एसडीएम शुभम पाटीदार, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री विजेंद्र सिंह डोडवे और नगरपालिका परिषद के कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री मौजूद रहे।कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जल की बचत के लिए हर संभव प्रबंध किए जाएं और जल को व्यर्थ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

जन जागरूकता और जल संरक्षण के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कचरा वाहनों पर संदेश लगवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जो भी व्यक्ति पानी को व्यर्थ बहाता पाया जाए, उससे पेनल्टी वसूलने और अवैध रूप से पानी लेते पाए जाने पर मोटर जब्त कर कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने को कहा गया। कलेक्टर ने शहर में नए बोरवेल खनन पर प्रतिबंध लगाने, अवैध खनन करते पाए जाने पर कार्रवाई करने और सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध बोरवेल से जलापूर्ति का समय निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उन्होंने जल निगम की योजना से नगर पालिका द्वारा किस प्रकार आवश्यक मात्रा में जलापूर्ति की जा सकती है, इसकी कार्ययोजना बनाने तथा गर्मियों में जलापूर्ति के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के सहयोग की कार्ययोजना तैयार कर अवगत कराने को कहा। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के तालाबों में उपलब्ध जल की मात्रा की जानकारी लेते हुए नगर पालिका को वर्तमान व ग्रीष्मकाल के लिए आवश्यक समस्त प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment