देवासरोड पर किराना दुकान संचालक की मौत, पोती घायल बाइक-कार भिड़ंत के बाद बोलासा में चक्काजाम

उज्जैन। देवासरोड पर कार-बाइक भिड़ंत में किराना दुकान संचालक की मौत होने पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। 3 घंटे तक सैकड़ो की संख्या में लोग सड़क पर डटे रहे। पुलिस ने बमुश्किल समझाईश के बाद जाम खुलावाया।
नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम बोलासा में रविवार सुबह 11 बजे तेजगति से दौड़ती कार ने बाइक पर सवार रामचंद्र पिता सेवाराम प्रजापत 48 साल निवासी चंद्रावतीगंज और उसकी 14 वर्षीय पोती को टक्कर मार दी। रामचंद्र की मौके पर मौत हो गई। घटना की खबर समीप के ग्राम मुजाखेडी में रहने वाले रिश्तेदारों को लगी तो घटनास्थल पहुंचे। उन्होने गांव वालों के साथ मिलकर देवासरोड पर चक्काजाम कर दिया। घटनाक्रम की खबर मिलने पर नरवर टीआई बबलू मंडलोई थाना स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंच गये थे। मृतक रामचंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल पहुंचाया गया। मामूली घायल हुई पोती को रिश्तेदार अपने साथ ले गये। इधर चक्काजाम के चलते मार्ग पर जाम के हालत बन गये। उज्जैन से जाने वाले और देवास की ओर से आने वाले वाहनों की लाइन लग गई। चक्काजाम करने वालों का कहना था कि रामचंद्र चंद्रावतीगंज में छोटी किराना दुकान संचालित करता था, परिवार की आर्थिक स्थित अच्छी नही है। परिवार को मुआवजा दिया जाये और देवासरोड पर होने वाली लगातार दुर्घटना को रोकने के लिये हरनावदा चौराहे, सेमलिया सहित तीन एक्सिडेंटल जोन पर ब्रिज बनाया जाए। चक्काजाम करने वाले अपनी मांग पर अड़े रहे, करीब 3 घंटे तक पुलिस जाम खुलवाने की मशक्कत करती रही। दोपहर 2 बजे थाना प्रभारी ने प्रशासन को मांगों से अवगत कराने का आश्वासन दिया। और चक्काजाम खत्म कराया। चक्काजाम के चलते मार्ग पर वाहनों की संख्या इतनी अधिक हो गई थी कि यातायात सुचारू होने में करीब 2 घंटे का अतिरिक्त समय लगा गया।
गमी के कार्यक्रम में होना था शामिल
मृतक रामचंद्र के परिजनों ने पोस्टमार्टम के दौरान बताया कि ग्राम मुंजाखेड़ी में रिश्तेदार के यहां हुई गमी का कार्यक्रम रखा गया था। रामचंद्र पोती के साथ शामिल होने आ रहा था। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला था।  पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जिसे अंतिम संस्कार के लिये चंद्रावतीगंज ले जाया गया। थाना प्रभारी मंडलोई का कहना था कि मार्ग पर लगे कैमरों के फुटेज देखकर कार चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment