युवक के पास मिला 11 पत्तियों वाला सोने का हार -चोरी करने वालों ने बेचने के लिये दिया था

उज्जैन। अमृतनगर में 2 माह पहले हुई चोरी का एक 11 पत्ती वाला सोने का हार पुलिस बरामद नहीं कर पाई थी। आरोपियों ने बेचने के लिये साथी को देना बताया था। जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। शनिवार रात पुलिस ने आरोपियों के साथी को गिरफ्तार कर ढाई लाख कीमत का हार बरामद किया है।
मक्सीरोड अमृतनगर में रहने वाली शांताबाई देवड़ा के मकान में 28 जून को दिनदहाड़े चोरी होना सामने आया था। पंवासा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर 10 दिन बाद शांताबाई के नाबालिग पोते और उसके 2 साथियों कार्तिक बेंडवाल के साथ मुनिया उर्फ मोनू पंवार को गिरफ्तार कर लाखों के आभूषण बरामद कर लिये थे। लेकिन 11 पत्ती वाला सोने का हार नहीं मिल पाया था। पूछताछ में कार्तिक बेंडवाल ने बताया था कि उसने चोरी का हार बेचने के लिये गज्जू उर्फ गजा लौहार को दिया है। पुलिस ने गज्जू की तलाश शुरू की थी, लेकिन फरार होना सामने आया था। थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि 2 माह बाद शनिवार रात चीता पार्टी में पदस्थ आरक्षक प्रकाश जाट खबर मिली कि चोरी के आभूषण बेचने के लिये अपने पास रखने वाला गज्जू गरोठ ब्रिज के नीचे खड़ा है। जिसकी गिरफ्तारी के लिये आरक्षक के साथ एएसआई संतोष राव, आरक्षक पंकज, अमरनाथ को रवाना किया गया। ब्रिज के नीचे खड़े गज्जू ने पुलिस को देख बचकर निकलने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने हार घर में छुपाकर रखना कबूल किया। रात में ही पुलिस उसके घर शीतल पब्लिक स्कूल के पीछे पंवासा पहुंची और ढाई लाख कीमत का हार बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गज्जू उर्फ गजा पिता गोविंदसिंह लौहार मूलरूप से ग्राम नलखेड़ा झारडा का रहने वाला है कुछ सालों से पंवासा में निवास कर रहा है। उसका अपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है। पूछताछ में उसका कहना था कि कार्तिक ने बेचने के लिये दिया था, लेकिन उनके पकड़ने जाने के बाद हार घर में छुपा दिया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment