दीपावली से पहले गाड़ी अड्डा से निकास चौराहा मार्ग को संवारने की तैयारी, महापौर ने किया निरीक्षण एक किलोमीटर लंबे मार्ग 18 मीटर तक होगा चौड़ीकरण, मलबा हटाने और नाली निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उज्जैन। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए नगर निगम ने गाड़ी अड्डा से निकास चौराहा तक मार्ग को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को महापौर मुकेश टटवाल ने मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को दीपावली से पहले मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाला मलबा तत्काल हटाया जाए, ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत गाड़ी अड्डा से निकास चौराहा तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस मार्ग को 18 मीटर चौड़ा करने की योजना है। चौड़ीकरण के लिए चिह्नित प्रभावित हिस्सों को रहवासी स्वयं हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं। नगर निगम भी रहवासियों के सहयोग से नाली निर्माण का काम कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नाली निर्माण और अन्य कार्य इस तरह किए जाएं कि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ सकता है। ऐसे में सड़क से मलबा हटाकर मार्ग को व्यवस्थित रखना जरूरी है।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य रजत मेहता, कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर, क्षेत्रीय पार्षद राजेश बाथम, अपर आयुक्त संतोष टैगोर, सहायक आयुक्त घनश्याम मचार, कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी, जोनल अधिकारी सुनील जैन, उपयंत्री शिवम गुप्ता एवं आकाश रघुवंशी उपस्थित रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment