उज्जैन। इंदौररोड पर बुधवार-गुरूवार रात घायल हालत में मिले युवक को अस्पताल पहुंचाने पर उसकी मौत होना सामने आया था। सुबह पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और दोपहर में नानाखेड़ा थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। मामला दुर्घटना का होना सामने आया है।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के पंथपिपलाई में रात 12.30 बजे घायल हालत में बाइक सवार के पड़े होने की खबर पर डायल 112 पहुंची थी। घायल को चरक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत होना सामने आया। पुलिस ने उसके पास मिले दस्तावेजों से पहचान राज पिता दिलीपनाथ 26 साल निवासी ग्राम कोलूखेड़ी भैरवगढ़ के रूप में करते हुए परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया और गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान परिजनों ने राजनाथ की हत्या का आरोप लगाया और ससुराल वालों को दोषी बताने लगे। पुलिस ने मामला दुर्घटना का होना बताया लेकिन परिजन नहीं माने। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव नानाखेड़ा थाने लेकर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। थाने के बाहर चक्काजाम होने पर प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव पहुंचे और परिजनों को समझाईश दी, उन्होने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया और मृतक का अंतिम संस्कार करने की बात कहीं। परिजनों ने आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त किया और शव कोलूखेड़ी लेकर रवाना हो गये। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि परिजनों के आरोप पर दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा गया है। दुर्घटनास्थल से चार पहिया वाहन तेजगति से गुजरता दिखाई दिया है। उक्त वाहन का पता लगा रहे है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का होना समाने आ रहा है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि बाइक सवार शराब के नशे में था।
परिजन बोले कॉल पर कहा था बचा लो
पोस्टमार्टम के दौरान मृतक राजनाथ के मौसेरे भाई प्रभु और परिजनों ने बताया कि रात 11 बजे राज ने मां को कॉल किया था और बोला था कि मुझे बचा लो। राज अपने ससुराल सांवेर के समीप लक्ष्मणखेड़ी मुंडन के कार्यक्रम में गया था। परिजनों का आरोप था कि ससुराल वालों ने हत्या कर उसे पंथपिपलाई के पास फेंका है। जानकारी यह भी सामने आई है कि ससुराल में शराब पीकर हंगामा करने पर राज का ससुराल वालों से विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की तस्दीक भी कर रही है।
अस्पताल नहीं पहुंचे ससुराल वाले
राज के परिजनों को हत्या की शंका उस वक्त ओर गहरा गई, जब पत्नी ममता और ससुराल वाले अस्पताल नहीं पहुंचे। जबकि उन्हे राज की मौत होने की खबर दी गई थी। परिजनों बताया कि राज एक बच्चे का पिता था और पत्नी 8 माह की गर्भवती है। वह मजदूरी करता था। कार्यक्रम के दौरान उसका ससुराल वालों से विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने कॉल किया था। फिलहाल पुुलिस मामला दुर्घटना का होना मानकर जांच कर रही है।
दुर्घटना में हुई थी युवक की मौत, पुलिस कर रही जांच हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया चक्काजाम