इंदौर।गर्मी शुरू होते ही लोग घूमने-फिरने के लिए टूर पैकेज बुक कराने लगते हैं, लेकिन इंदौर के कुछ लोगों के लिए यह ट्रिप महंगी साबित हुई। टूर पैकेज लेने के बाद जब वे शिमला पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम से न होटल बुक था और न ही गाड़ी की व्यवस्था की गई थी। शिकायत मिलने पर टूर एंड ट्रेवल्स संचालक को खुद के साथ भी करीब सवा दो लाख रुपए की ठगी का पता चला। मामले में तुकोगंज थाने में केस दर्ज कराया गया है।तुकोगंज पुलिस के मुताबिक, शिवशक्ति नगर निवासी गौरव त्रिवेदी की शिकायत पर कोलकाता निवासी अरिंदम देय के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। एडिशनल डीसीपी प्रियंका डूडवे ने बताया कि गौरव टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं और लोगों को विभिन्न पैकेज के जरिए घूमने भेजते रहे हैं।फरियादी के अनुसार, मनाली ट्रिप के लिए 8 लोगों का पैकेज एक लाख रुपए से अधिक में लिया गया था। वहीं अमरनाथ यात्रा के लिए 7 लोगों की होटल, गाड़ी और हेलीकॉप्टर बुकिंग का पैकेज करीब 1.14 लाख रुपए में तय हुआ। इस तरह आरोपी को कुल 2.26 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान यूपीआई के जरिए किया गया।जब इंदौर से गए पर्यटक शिमला पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से कोई बुकिंग ही नहीं हुई है। इसके बाद यात्रियों ने गौरव से संपर्क किया, तब फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टूर पैकेज के नाम पर फर्जीवाड़ा:शिमला पहुंचे पर्यटक, नहीं मिली कोई सुविधा ; युवक पर केस दर्ज