उज्जैन । जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक जाट को छह माह के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोशन सिंह ने जिला बदर किया है। इस दौरान जाट उज्जैन जिले की सीमावर्ती जिले देवास,इंदौर,रतलाम,शाजापुर,मंदसौर,धार एवं आगर मालवा में भी नहीं रह सकेंगे।उज्जैन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने थाना भैरवगढ़ निवासी ओर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक जाट पिता देवराम जाट को छह माह के लिए जिला बदर किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए है। आदेश के तहत मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत उज्जैन जिला एवं उज्जैन जिले की सीमावर्ती जिले देवास,इंदौर,रतलाम,शाजापुर,मंदसौर,धार एवं आगर मालवा की राजस्व सीमाओं से छह माह की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है। यदि उक्त अनावेदक के विरूद्ध कोई प्रकरण उज्जैन जिले में स्थित न्यायालय में चल रहा हो तो वे नियत पेशी पर उपस्थित हो सकेंगे, परन्तु इसके पूर्व अनावेदक को संबंधित थाना प्रभारी को लिखित में सूचना देनी होगी। न्यायालय में पेशी होने के तुरन्त पश्चात कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसे लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी का कहना है कि यह प्रशासन की तानाशाही है। किसान हित की आवाज उठाना श्री जाट के लिए अहितकारी हो गया है। वे अपराधी प्रवृत्ति के नहीं हैं। शहर में कई अपराधों वाले अपराधियों को प्रश्रय दिया जा रहा है और हक की आवाज उठाने वालों को जिला बदर किया जा रहा है।