देवास।देवास जिला अस्पताल में रेबीज वैक्सीन खत्म हो गई है। शनिवार को कुत्ते के काटने के बाद इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को वैक्सीन नहीं मिल पाई। कई मरीज शुक्रवार से ही अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ टिटनेस का इंजेक्शन लगाकर वापस भेजा जा रहा है।राधागंज निवासी अमित पवार ने बताया कि उन्हें कुत्ते ने काटा था। वे शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे थे, जहां उन्हें शाम तक इंतजार करने को कहा गया। देर शाम भी वैक्सीन उपलब्ध नहीं हुई। शनिवार सुबह दोबारा अस्पताल पहुंचने पर भी 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद उन्हें रेबीज का इंजेक्शन नहीं लग पाया।पवार के अनुसार, हर बार यही जवाब मिला कि इंजेक्शन खत्म हो गए हैं और उज्जैन से मंगवाए जा रहे हैं। इसी तरह, वीरेंद्र चौहान दूसरे डोज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भी वैक्सीन न होने की जानकारी दी गई। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इलाज के बीच में डोज रुकना गंभीर समस्या है, जिसका अस्पताल में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा।
इस संबंध में आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने बताया कि उज्जैन से वैक्सीन मंगवाई गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मरीजों को नियमानुसार इंजेक्शन लगाए जाएंगे।