उज्जैन। एक बार फिर दीपावली पर्व के पूर्व पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस लौटा दिए। 522 मोबाइल की अनुमानित कीमत एक करोड रुपए थी। मोबाइल वापस मिलने से धारकों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि गुम मोबाइल की शिकायत मिलने पर उन्हें खोजने के प्रयास पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनो में जिले की थाना पुलिस द्वारा 522 मोबाइल तकनीकी मदद से खोजने में सफलता मिली है। खोजे गए मोबाइलों में कुछ पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग और अन्य कार्रवाई में भी बरामद किए गए थे। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर खोजे गए मोबाइल की शिकायत दर्ज करने वाले मालिकों को बुलाकर समूह के रूप में वापस लौटा दिए गए। पुलिस अधीक्षक के अनुसार इस वर्ष भी 1000 गुम मोबाइल खोजने का लक्ष्य रखा गया था। वर्ष के शुरुआती माह में 406 मोबाइल खोज कर लौट आए गए थे अब तक 928 मोबाइल फोन जिले की पुलिस द्वारा खोज लिए गए हैं। 522 मोबाइलों में से 98 लोग दूसरे जिलों के और 87 लोग दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। इनके मोबाइल उज्जैन आने के दौरान गुम हुए थे।
4 साल में 2560 मोबाइल बरामद- पुलिस द्वारा वर्ष 2023 से गुम मोबाइल खोजने का अभियान चलाया जा रहा है पहले वर्ष 235 मोबाइल कीमत 58 लाख 75 हजार के खोजे गए थे। 2024 में 445 मोबाइल कीमत 92 हजार, वर्ष 2025 में 952 मोबाइल कीमत 1 करोड़ 81 लाख 65 हजार के खोजे गए थे वर्ष 2026 में अब तक 928 मोबाइल कीमत 1 करोड़ 73 लाख के बरामद किए जा चुके है। इस कार्यवाही में आईटी सेल, साइबर टीम, जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।