सनावद/बेड़िया। बाहर से खेत में कपास की फसल नजर आ रही थी, लेकिन उसकी कतारों के बीच एक और फसल तैयार हो रही थी। मुखबिर की सूचना पर बेड़िया पुलिस ने खेत में दबिश दी तो कपास के बीच गांजे के पौधे लहलहाते मिले। पुलिस ने मौके से 176 हरे पौधे जब्त कर आरोपी सकाराम पिता दुवालसिंह कनासे (40), निवासी पाल्या फालिया, ग्राम बाल्या को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 35 किलो 900 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 88 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ा।थाना प्रभारी रामेश्वरम ठाकुर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।