बाग। थाना बाग पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थ गांजे की अवैध खेती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर बाग पुलिस ने ग्राम कनेरी निवासी भंगड़ा पिता पीडिया भंवर के खेत से गांजे के 586 हरे छोटे-बड़े गीले पौधे, पत्तियां एवं कलियां जब्त की थीं। जब्त गांजे का कुल वजन 446.6 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख 99 हजार रुपये बताई गई थी। इस मामले में थाना बाग पर अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार हो गया था।पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी श्री ओमप्रकाश अहिर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बाग श्री हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी भंगड़ा पिता पीडिया भंवर निवासी कनेरी को 17 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका-उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत, चौकी प्रभारी नवलसिंह बघेल, सउनि कमलेश राठौड़िया, प्रधान आरक्षक भावसिंह रावत, आरक्षक मुकेश किराड़, राजू चौहान, प्रीतम एवं लालसिंह का विशेष योगदान रहा।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई में 10 हजार का इनामी फरार आरोपी गिरफ्तार