इंदौर से जलगांव और दिल्ली के लिए नई उड़ान

ब्रह्मास्त्र इंदौर

मध्य प्रदेश के हवाई यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार होने जा रहा है।

एलायंस एयर आगामी 1 मई से इंदौर को सीधे जलगांव और दिल्ली से जोड़ने वाली एक नई फ्लाइट शुरू करने जा रही है। इस नई उड़ान के शुरू होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए भी यात्रियों को सुगम विकल्प प्राप्त होगा।

एयरलाइन से जारी शेड्यूल के अनुसार, यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी। यह सेवा हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। यह फ्लाइट दिल्ली से उड़ान भरकर इंदौर आएगी और फिर यहां से जलगांव के लिए रवाना होगी। इसी तरह वापसी में भी यह जलगांव से इंदौर होकर दिल्ली की ओर जाएगी।
यह फ्लाइट 9आई-627 दिल्ली से शाम 4:50 बजे उड़ान भरकर शाम 6:50 बजे इंदौर पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम 7:15 बजे इंदौर से रवाना होकर रात 7:55 बजे जलगांव लैंड करेगा। वापसी के सफर में फ्लाइट संख्या 9आई-628 जलगांव से रात 8:20 बजे उड़ान भरेगी और रात 9:00 बजे इंदौर पहुंचेगी। इंदौर के बाद यह विमान रात 9:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा और रात 11:30 बजे देश की राजधानी पहुंचेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment