नीमच। जिले में जल स्रोतों से अवैध रूप से पानी की पंपिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत जांच एवं निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सीईओ जनपद पंचायत मनासा द्वारा ग्राम पंचायत हनुमंत्या के ग्राम महेशपुरिया का आकस्मिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्राम महेशपुरिया स्थित तालाब में बिना अनुमति के दो मोटर पंप संचालित पाए गए। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए। पंचायत की टीम द्वारा मौके पर ही दोनों मोटर पंप निकलवाए गए तथा तालाब से अवैध रूप से की जा रही पानी की पंपिंग बंद करवाई गई।उल्लेखनीय है कि जिले में जल स्रोतों के अनधिकृत उपयोग एवं अवैध जल पंपिंग की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण कर बिना अनुमति संचालित मोटर पंपों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है, ताकि जल स्रोतों का उपयोग नियमानुसार सुनिश्चित किया जा सके।