मंदसौर। जिले की पुलिस थाना भानपुरा को अवैध जुआ और सट्टा पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मौके से कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 हजार 610 रुपये नगद, करीब 20 लाख रुपये का हिसाब लिखी हुई 288 सट्टा अंक पर्चियाँ, 52 ताश के पत्ते, 24 मोबाइल फोन, 2 कैलकुलेटर, 8 डायरियाँ और मौके से 20 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर जुआ और सट्टा खेलने के सबूत भी मिले हैं।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्याम सिंह चंदेल के बाड़े, ग्राम भैसोदामंडी में कुछ लोग अवैध लाभ अर्जित करने के लिए जुआ और सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए 27 आरोपियों में देवीलाल, साहिल मोहम्मद, जितेन्द्र सिंह, माँगीलाल, प्रकाश, राजेश, बद्रीलाल, ओमप्रकाश, भगवान सिंह, लखन, योगेन्द्र, अरशद, फुलचन्द्र, नारायण, रामेश्वर, रमेश, बृजेश, राजेन्द्र, मांगीलाल, हितेश कुमार, सत्यनारायण, सुरेन्द्र सिंह, मांगीलाल, मांगीलाल, बहादुर सिंह, रामप्रसाद और शिवलाल शामिल हैं। इसके अलावा तीन आरोपी थानसिंह, रईस और हेमन्त गुर्जर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
अवैध जुआ-सट्टा खेलते 27 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का मश्रुका जब्त