इंदौर। सेंट्रल जेल में एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद विचाराधीन कैदी पर एक अन्य कैदी ने खाना बांटने वाले डंके से हमला कर दिया। आरोपी ने कैदी के सिर और नाक पर वार किए। घटना के बाद जेल अस्पताल में उसका प्राथमिक इलाज कराया गया और मेडिकल कराया गया। सेंट्रल जेल प्रबंधन की शिकायत पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ केस दर्ज किया है।बैरक नंबर 2 के पास घूम रहा था कैदी-सेंट्रल जेल अधिकारियों की शिकायत के अनुसार, जूना पीठा निवासी शाकीर उर्फ मेडिकल पुत्र नासिर एनडीपीएस के मामले में विचाराधीन कैदी है। शाकीर ने जेल प्रशासन को बताया कि वह बैरक नंबर 2 के पास घूम रहा था। इसी दौरान कैदी पुष्पेंद्र पुत्र लक्ष्मी किशोर वहां आया और बिना किसी कारण के उसे गालियां देने लगा।विरोध करने पर पुष्पेंद्र वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह खाना बांटने वाला डंका लेकर वापस आया।डंका लेकर लौटा और हमला कर दिया-पुष्पेंद्र ने आते ही शाकीर के सिर और नाक पर डंके से वार करना शुरू कर दिया। हमले में घायल होकर शाकीर जमीन पर गिर गया। इसके बाद वार्ड का संतरी और अन्य कैदी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।संतरी और अन्य कैदियों ने पुष्पेंद्र को पकड़ लिया और शाकीर को बचाया। जेल प्रशासन के अनुसार, हमले की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है।
सेंट्रल जेल में एनडीपीएस के आरोपी पर हमला: सिर और नाक पर किए वार: एमजी रोड पुलिस ने दर्ज की FIR