सिंहस्थ प्रशिक्षण केन्द्र में 400 आरक्षको का विशेष प्रशिक्षण

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस के विभिन्न जिलों में पदस्थापना प्राप्त कर चुके और अपना आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके 400 आरक्षकों को सिंहस्थ ड्युटी के लिये प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बुधवार को विशेष प्रशिक्षण का शुभारंभ सिंहस्थ प्रशिक्षण केन्द्र में किया गया। प्रथम दिन सभी आरक्षकों को महापर्व की विशालता, संवेदनशीलता को बताया गया और भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, घाटों, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी, संचार, समन्वय व्यवस्था, आमजन के साथ शालीन व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक, विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आरक्षकों को कक्षा प्रशिक्षण के साथ-साथ फील्ड विजिट कराया जायेगा। उन्हें क्षिप्रा के रामघाट से लेकर अन्य प्रमुख घाटों और महाकालेश्वर मंदिर परिसर, सिंहस्थ क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी पुलिसिंग कर सकें। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षकों को आगामी श्रावण मास में महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और सवारी मार्ग का अनुभव भी कराया जायेगा। प्रशिक्षण सत्र में उपपुलिस अधीक्षक भारतसिंह यादव, रक्षित निरीक्षक रणजीतसिंह द्वारा आरक्षकों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ ड्यूटी करने का मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उज्जैन द्वारा सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जा रहे है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment