साले के साथ मिलकर साडू का रेता था गला हत्या के बाद अंतिम संस्कार में शामिल हुआ था आरोपी

उज्जैन। गला रेतकर की गई हत्या का शनिवार को महिदपुर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया गया। 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 20 अप्रैल तक रिमांड पर लिया गया है। दोनों आरोपी मृतक के रिश्तेदार है, मुख्य आरोपी साडू है।
महिदपुर थाना क्षेत्र के सेमलिया रोड़ पीली खाई जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक की लाश बरामद की गई थी। मृतक का गला रेता गया था। जिसकी पहचान बालाराम उर्फ बालेश्वर पिता शंकरलाल गुजराती 38 साल निवासी ग्राम सेमलिया के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया और हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की, सायबर टीम की मदद से पता चला कि घटनास्थल पर बद्रीलाल पिता उदाजी निवासी ग्राम खामरिया थाना आलोट और गजानंद पिता नानूराम निवासी बिनपुरा महिदुपर की मौजूदगी थी। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किये तो सामने आया कि बद्रीलाल मृतक का साडू है और गजानंद उसका साला है। बालाराम की लाश मिलने पर बद्रीलाल अस्पताल पहुंचा था और उसके बाद अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ था। पुलिस ने तत्काल की उसे हिरासत में लिया और उसके साले गजानंद को भी गिरफ्तार कर लिया। एसआई नरेन्द्रसिंह कनेश ने बताया कि दोनों को शनिवार दोपहर कोर्ट में पेश कर 20 अप्रैल तक रिमांड पर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू, और खून लगे कपड़े बरामद करने के प्रयास जारी है।
शादी में हुये विवाद की रंजीश में हत्या
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को बद्रीलाल की बेटी का विवाह हुआ था। जिसमें शामिल होने के लिये बालाराम परिवार के साथ पहुंचा था। बालाराम ने अधिक शराब पी ली थी, वह विवाद कर पत्नी और बच्चों को शादी से लेकर वापस आ गया था। विवाद के दौरान बद्रीलाल ने उसे रोकने का प्रयास किया था, लेकिन बालाराम ने उसके साथ काफी गाली-गलौच की थी। उसी रंजीश में बद्रीलाल ने अपने साले के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
फोन कर बुलाया था बालाराम को
एसआई कनेश के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि हत्या से पहले बद्रीलाल ग्राम सेमलिया आया था और बालाराम से मिला था, उसके बाद निकल गया था। कुछ देर बाद उसने कॉल कर बालाराम को निपानिया मार्ग पर बुलाया था, बालाराम के आने पर दोनों महिदपुर आये, जहां गजानंद मिल गया था। उसके बाद शराब लेकर सेमलिया रोड पीली खाई पहुंचे थे, जहां गजानंद और बालाराम ने शराब पी, उसी दौरान बद्रीलाल ने गला रेत दिया और चाकू से 3-4 वार किये थे।
रातभर परिवार करता रहा तलाश
बालाराम की लाश मिलने पर घटनास्थल पहुंचे परिजनों ने बताया था कि शाम 5.30 बजे निपानिया की ओर जाने का बोलकर निकला था, उसे बाद वापस नहीं लौटा था। रातभर से उसकी तलाश कर रहे थे। सुबह पता चला कि सेमलिया रोड पर लाश मिली है तो देखने पहुंचे, मृतक बालाराम था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment