साप्ताहिक कर्ज लो परियोजना से लगातार भारी कर्ज के जाल में फंस रहा प्रदेश:जयवर्धन सिंह

 सारंगपुर।प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रदेश दौरे को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गरमा गई है। जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री के बयान पर कडा ऐतराज जताते हुए भारतीय जनता पार्टी की 22 वर्षों की सरकार को कठघरे में खडा किया है।  चर्चा के दौरान जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि अतीत की सरकारों से माफी की मांग करने से पहले वर्तमान सरकार को अपने 22 साल के कुशासन और विफलताओं का हिसाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए।
जयवर्धन सिंह द्वारा उठाए गए मुख्य सवाल और मुद्दे-चर्चा के दौरान इंदौर त्रासदी व बच्चों की मौत को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से 24 निर्दोष लोगों की जान चली गई। छिंदवाडा में जहरीले कफ सिरप से 30 बच्चों और बालाघाट में अज्ञात बीमारी से 29 बच्चों की दर्दनाक मौत हुई। इन मौतों का जिम्मेदार कौन है?
खाद के लिए किसानों को लाठियां खानी पड़ रही हैं और अपनी जायज मांगों के लिए राजधानी भोपाल का घेराव करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों को समय पर न तो गणवेश मिल रही है और न ही किताबें। महंगाई और आर्थिक बोझ महंगी बिजली और बस संचालकों के दबाव में किराए में की गई 60 फीसदी की एकमुश्त बढोतरी से आम जनता बेहाल है। वहीं सरकार की साप्ताहिक कर्ज लो परियोजना से प्रदेश लगातार भारी कर्ज के जाल में फंसता जा रहा है। श्रीसिंह ने कहा कि प्रदेश में बढते कुपोषण और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध, दुष्कर्म के बाद हत्या तथा दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों में मध्य प्रदेश देश में अव्वल बना हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने व्यापमं घोटाला, ई-टेंडरिंग, नर्सिंग कॉलेज घोटाला, पोषण आहार घोटाला, अवैध रेत उत्खनन और महाकाल लोक निर्माण घोटाले जैसे गंभीर मामलों को रेखांकित किया।  पूर्व मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी पर उंगली उठाने से पहले बीजेपी सरकार को अपना दागदार चेहरा आईने में देखना चाहिए। नौनिहालों का पोषण और युवाओं का रोजगार छीनने वाली सरकार को जनता सब देख रही है। इसलिए हमारे नेता आदरणीय श्री राहुल गांधी जी से माफी मांगने की मांग करने से पहले एक बार आईना अपनी सरकार की तरफ भी कर लीजिए और भाजपा सरकार के दागदार चेहरे को भी देखिए कि भाजपा सरकारों ने प्रदेश की जनता को क्या-क्या दिया है।
..

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment