विष्णु वाटिका उजड़ी, झूले गायब बच्चों की फिसल पट्टियां भी टूटी देखरेख के अभाव में खत्म हो रहा वाटिका का आकर्षण, बच्चों की सुरक्षा पर भी मंडरा रहा खतरा उज्जैन राम जनार्दन मंदिर के पास स्थित विष्णु वाटिका इन दिनों बदहाली का शिकार

उज्जैन। राम जनार्दन मंदिर के पास स्थित विष्णु वाटिका इन दिनों बदहाली का शिकार होती नजर आ रही है। यहां बच्चों के खेलकूद के लिए लगाए गए अधिकांश संसाधन या तो टूट चुके हैं या पूरी तरह गायब हो गए हैं। नियमित देखरेख के अभाव में वाटिका का आकर्षण लगातार कम होता जा रहा है।
झूले गायब, फिसल पट्टियां हुईं क्षतिग्रस्त
वाटिका में बच्चों के लिए लगाए गए झूले गायब हो चुके हैं, जबकि फिसल पट्टियां कई जगह से टूट गई हैं। इनमें बड़े-बड़े छेद हो गए हैं, जिससे बच्चों के घायल होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा अन्य खेल उपकरण भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं।
हर दिन पहुंचते हैं बड़ी संख्या में लोग
राम जनार्दन मंदिर के पास स्थित विष्णु वाटिका में प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में लोग सैर करने और बच्चों के साथ समय बिताने पहुंचते हैं। लेकिन खेल उपकरणों की खराब स्थिति के कारण बच्चों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों का रुझान भी धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।
बगीचे की हरियाली भी हो रही खत्म
केवल खेलकूद के संसाधन ही नहीं, बल्कि वाटिका का बगीचा भी उजड़ता जा रहा है। पूरे परिसर की सुंदरता प्रभावित हुई है और पहले जैसी रौनक अब दिखाई नहीं देती। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विष्णु वाटिका में टूटे और गायब हो चुके खेल उपकरणों को शीघ्र बदलकर नए संसाधन लगाए जाएं। साथ ही नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और वाटिका का आकर्षण बरकरार रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment