लापता बालिका 18 दिन बाद मजदूरी करती मिली

उज्जैन। दौलतपुर से भील परिवार मजदूरी के लिये बड़नगर तहसील आया था। परिवार ड्रीम सिटी में ठहरा था। 14 अप्रैल को परिवार की 16 वर्षीय बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर ले जाने की शंका जताते हुए बड़नगर थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने पर अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बालिका की तलाश के लिये एसआई हेमंत कटारे, प्रधान आरक्षक प्रदीप डामोर, रामनारायण चौहान, अश्विन पाठक, मनोहर मोहरी, महिला आरक्षक ज्योति हाड़ा की टीम गठित की। लगातार तलाश के दौरान 18 दिन बाद शनिवार को पता चला कि बालिका ग्राम चंपेलिया बदनावर में मजदूरी कर रही है। तत्काल टीम बदनावर पहुंची और देर रात बालिका को दस्तयाब कर बड़नगर लाया गया। जहां बयान दर्ज करने पर बालिका ने बताया कि मोबाइल चलाते समय मां ने फटकार लगाई थी और मोबाइल छीन लिया था। इसी बात से नाराज होकर वह घर छोड़कर चली गई थी। बालिका ने अपने साथ कुछ गलत होना नहीं बताया। थाना प्रभारी के अनुसार बालिका को समझाईश के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment