भयावह हादसे में परिवार के चार सदस्य घायल रफ्तार से दौड़ती कार ने छीनी महिला की जिंदगी

उज्जैन। रफ्तार से दौड़ती कार के चालक ने रविवार को महिला की जिंदगी छीन ली। हादसे में परिवार चार सदस्य घायल हुये है। जिसमें 3 बच्चे शामिल है। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें चालक कार लेकर भागता दिखाई दे रहा है।
मामला उन्हेल थाना क्षेत्र के नई दिल्ली चौराहा का है। एसआई मांगीलाल मालवीय ने बताया कि गुरला रोड नई दिल्ली कस्बे में रहने वाली जमीला बी पति सलीम शाह 55 साल परिवार के 3 बच्चों शिफा 13 साल, फरहान 8 साल, इरशाद 6 साल और तबस्सुम पति सरफराज 35 साल के साथ पैदल रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिये जा रही थी। नई दिल्ली चौराहा पर सड़क किनारे चल रहे परिवार के सामने रफ्तार से दौड़ती कार आई और पूरे परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। सीधे सामने से टक्कर होते ही जमीला बी उछलकर दूर जा गिरी। बच्चे और तबस्सुम घायल हो गये। टक्कर मारने के बाद चालक ने कार लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल बच्चों को संभाला और दोनों महिलाओं को उपचार के लिये अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जमीला बी को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चों और तबस्सुम को उपचार के लिये भर्ती किया गया। दुर्घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। कार का नम्बर ट्रेस किया गया है, जिसके आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। एसआई मालवीय के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं परिवार के इमरान पिता सलीम शाह की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125 ए, 106 (1) का प्रकरण दर्ज किया गया है। घटनाक्रम के बाद दुर्घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सामने आया है। जिसमें सामने से रफ्तार से आती कार को देख पूरा परिवार बचने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। कार चालक ने पहले 1 बच्चों और तबस्सुम को टक्कर मारी और फिर एक बच्ची के साथ जमीला बी को कुचला। फुटेज में कार चालक को रोकने के लिये कुछ लोग पीछे भागते भी दिखाई दे रहे है। थाना प्रभारी संतोष चौहान के अनुसार जल्द कार को जप्त कर चालकों को हिरासत में लिया जायेगा।
रात में कानीपुरा मार्ग पर हुई दर्दनाक दुर्घटना
चिमनगंज थाना क्षेत्र के कानीपुरा मार्ग पर मल्टी के सामने शनिवार-रविवार रात दर्दनाक दुर्घटना हुई। बाइक पर सवार 2 युवकों को अज्ञात आयशर ने बुरी तरह कुचल दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हे उपचार के लिये चरक अस्पताल लाया गया। जहां कुछ देर बाद एक की मौत हो गई। मृतक और घायल की पहचान करने पर सामने आया कि मृतक समीर पिता शब्बीर 21 साल निवासी मदारबड़ तराना और घायल सोहेल 22 साल है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान मृतक समीर के परिजनों ने बताया कि दोनों पेंटरी का काम करते थे। उज्जैन काम करने आये थे और रात में वापस तराना लौट रहे थे। चिमनगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आयशर और चालक की तलाश शुरू की है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment