रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मो पर 9 दिनों में तीसरी वारदात महिला यात्री के गले से उड़ाई 2 तोला वजनी चेन

उज्जैन। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मो पर कुछ दिनों से बदमाशों को गिरोह सक्रिय दिखाई दे रहा है, जो महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चेन-मंगलसूत्र उड़ा रहा है। एक बार फिर रतलाम की यात्रा करने प्लेटफार्म नम्बर 7 पर पहुंची महिला की 2 तोला वजनी चेन चोरी कर ली गई।पिपलीनाका क्षेत्र की रहने वाली हेमलता कोठारी मंगलवार को रतलाम की यात्रा करने के लिये रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 7 पर पहुंची थी। जहां साप्ताहिक ट्रेन हैदराबाद-जयपुर का इंतजार कर रही थी। इस दौरान काफी भीड़  थी, ट्रेन के आने पर महिला यात्री ने भीड़ में चढ़ने का प्रयास किया उसी दौरान उसके गले से 2 तोला वजनी सोने की चेन बदमाशों ने उड़ा दी। ट्रेन के रवाना होने के बाद आधे रास्ते में हेमलता कोठारी को चेन चोरी होने का पता चला। रतलाम पहुंचने के बाद वह वापस लौटी और जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पिछले 9 दिनों में महिला यात्रियों के साथ तीसरी वारदात होना सामने आई है। इससे पहले रविवार को प्लेटफार्म नम्बर 2 पर नागदा-इंदौर पैसेंजर में देवास जाने के लिये चढ़ने का प्रयास कर रही अश्विनी पति अंशुल शर्मा निवासी नागदा के गले से बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी कर लिया था। यहीं नहीं 3 जून को प्लेटफार्म नम्बर ८ पर उज्जैन की रहने वाली सरिका पति संजय सोनी के साथ वारदात होना सामने आया था। सरिका दाहोद जाने के लिये प्लेटफार्म पर खड़ी थी उसी दौरान इंदौर-दौंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस आई। वह कोच नम्बर 5 के खड़ी थी इसी बीच यात्रियों की भीड़ में अज्ञात बदमाशों ने उसके गले से 72 हजार कीमत की चेन गले से गायब कर दी थी। 9 दिनों में जिस तरह से तीन वारदात होना सामने आई, उससे लग रहा है कि प्लेटफार्मो पर बदमाशों गिरोह सक्रिय है।
चोरी में महिलाओं के शामिल होने का शक
मामले में जीआरपी थाना प्रभारी अमित कुमार भावसार ने बताया कि तीनों वारदातों के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। आरपीएफ की मदद से प्लेटफार्मो पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे है। आशंका है कि यात्रियों की भीड़ में वारदात को अपराधिक प्रवृति की महिलाओं द्वारा अंजाम दिया जा रहा है, जो यात्री बनकर प्लेटफार्मो पर पहुंच रही है। वारदतों को रोकने के लिये जीआरपी की एक टीम लगातार प्लेटफार्मो पर सर्चिंग कर रही है और संदिग्ध महिलाओं के साथ लोगों पर नजर रख रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वारदत करने वाली महिलाएं भी भीड़ के साथ ट्रेन में चढ़ जाती है और आगे चलकर स्टापेज आने पर उतरकर फरार हो रही है। जिसके चलते सुराग नहीं मिल पा रहा है।
लाखों की संख्या में उज्जैन आ रहे यात्री
महाकाल लोक का लोकार्पण होने के बाद पिछले 3-4 सालों से प्रतिदिन देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु ट्रेनों का सफर कर उज्जैन तक पहुंच रहे और वापस ट्रेनों से लौट रहे है। जिसके चलते प्लेटफार्मो पर सुबह से लेकर रात तक काफी भीड़ दिखाई दे रही है। इसी का फायदा बदमाशों द्वारा उठाया जा रहा है। चेन-मंगलसूत्र चोरी के साथ यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी के मामले भी सामने आ रहे है। मोबाइल चोरी को पुलिस तकनीकी साक्ष्यों से ट्रेस कर रही है। लेकिन सामान और आभूषण मामले में सुराग नहीं मिल पा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment