उज्जैन। लोहे का पुल क्षेत्र में रहने वाली 9 साल की बालिका बेनजीर पिता सलमान परिवार के साथ बाजार से घर लौट रही थी। उसी दौरान घर से कुछ दूरी पर तेजगति से आये ई-रिक्शा चालक ने टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। बालिका घायल हो गई, जिसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस ने अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से उसकी तलाश की जा रही है। विदित हो कि शहर में ई-रिक्शा की संख्या 35 से 40 हजार पहुंच चुकी है। जिसका संचालन कई नाबालिग भी कर रहे है। इनकी बढ़ती संख्या के चलते आये दिन दुर्घटना के मामले सामने आ रहे है। यही नहीं रिक्शा पलटने की घटनाएं भी हो रही है। यातायात पुलिस रिक्शा की बढ़ती संख्या पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धूलमहू में बुधवार-गुरूवार रात एमकेसी इंफ्रा लिमिटेड प्लांट पर काम करने वाले बिहार के मजदूर अवधेश कुमार पिता स्व. रमायन मुखिया 23 साल निवासी ग्राम पडरोन जिला पश्चिमी चंपारण बिहार की दर्दनाक मौत हो गई। थाना एसआई दौलतसिंह रावत ने बताया कि मजदूर प्लांट पर काम कर रहा था। उसी दौरान प्लांट के लोडर वाहन क्रमांक यूके 07 एफवी 6906 के चालक विक्रम ने तेजगति से रिवर्स लिया। जिसके चलते पिछले पहिये के नीचे दबने से अवधेश की मौत हो गई। मामले में मर्ग कायम कर चालक को हिरासत में लिया गया है। वाहन जप्त कर मर्ग कायम कर मृतक का शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। बिहार से परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
रिक्शा चालक ने 9 साल की बालिका को मारी टक्कर,लोडर वाहन के नीचे दबने से बिहार के मजदूर की मौत