उज्जैन। प्रायवेट कंपनी में मैकेनिक का काम करने वाला ससुराल गया था, रात में चोरों ने उसके मकान के मेनगेट का नकुचा उखाड़ा और अंदर कमरे में लगा ताला तोड़कर लाखों के आभूषण चोरी कर लिये। मैकेनिक को चोरी का पता लगा तो वह लौटकर आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की है।
कानीपुरा मार्ग पर कृष्णा विहार कालोनी में ईश्वरलाल पिता मोहनलाल का मकान बना हुआ है। शनिवार को वह पत्नी बच्चों के साथ अपने मकान का ताला लगाकर ससुराल चिंतामण नगर चला गया था। पूरा परिवार बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिये जाना वाले था। रात में ससुराल में रूके ईश्वर को सुबह खबर मिली कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। घर आने पर मेनगेट का नकुचा उखड़ा मिला, अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ था, पूरे घर का सामान-बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थी। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 54 हजार रूपये नगद गायब थे। मामले की सूचना चिमनगंज थाना पुलिस को दी गई। पुलिस कृष्णा विहार कालोनी पहुंची तो पता चला कि ईश्वर प्रायवेट कंपनी में एटीएम मशीन मैकेनिक है। जांच के फिगंर प्रिंट टीम को बुलाया गया, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश की, लेकिन कॉलोनी में कैमरे लगे होना सामने नहीं आये। एसआई लिबिन खेस ने बताया कि ईश्वर की शिकायत पर मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। ईश्वर का कहना था कि चोर करीब ढाई लाख का सामान चुराकर ले गये है। आशंका जताई गई है कि बदमाशों की संख्या 2 से अधिक रही होगी।
वारदातों का नहीं मिल पा रहा सुराग
शहर में घरों से लेकर दुकानों में चोरी की वारदात होना सामने आ रही है। लेकिन वारदात करने वालों का सुराग नहीं मिल पा रहा है। कुछ दिन पहले फ्रीगंज क्षेत्र में 2 मोबाइल दुकानों से करोड़ों के मोबाइल चोरी कर लिये गये। चार बदमाशों के फुटेज सामने आये, जो कार से फरार हुये थे। इससे पहले दशहरा मैदान में महेश्वरी मार्केटिंग से लाखों की सिगरेट चोरी का मामला सामने आया। बदमाश कार से आये थे, कार चोरी की सामने आई, बदमाश गिरफ्त में नहीं आ सके। नानाखेड़ा, नीलगंगा थाना क्षेत्र में भी कुछ माह पहले घरों में चोरी की बड़ी वारदात हो चुकी है, जिसका सुराग भी अब तक नहीं मिल पाया है।
मेनगेट का उखाड़ा नकुचा, कमरे में लगा ताला तोड़ा -चोरों ने सूने मकान में दिया ढाई लाख से अधिक की चोरी को अंजाम