ब्यावरा।राजगढ़ जिला मुख्यालय से महज कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम फतेहपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालिका राधा इसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बालिका घर के पास बने टिन शेड के नीचे खड़ी थी, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।प्रशासन कि तत्परता और परिजनों ने बिना देर किए बालिका को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से अब बालिका की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बालिका का हालचाल जाना, डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को परिवार को शासन की पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए। सीईओ ने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। फिलहाल बालिका का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।