उज्जैन। कार से शहर में आकर वारदात करने वाले बदमाश सक्रिय दिखाई दे रहे है। शुक्रवार-शनिवार रात बदमाशों ने 2 मोबाइल दुकानों से 80 लाख से अधिक के मोबाइल चोरी कर लिये। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिये सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
माधवनगर थाना क्षेत्र के फ्रीगंज में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब हाई च्वाइस और एसएस मोबाइल शॉप में करोड़ों के मोबाइल चोरी होने की खबर सामने आई। माधवनगर थाना सीएसपी दीपिका शिंदे, थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया के साथ फिंगर प्रिंट पड़ताल के लिये पहुंच गई। कैमरों के फुटेज देखने पर बदमाश रात ढाई बजे के लगभग कार से आना सामने आये। बदमाशों की संख्या 4 थी, बदमाशों ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था और सिर पर टोपी लगा रखी थी। दोनों दुकानों का शटर उचकाने के बदमाशों ने मोबाइल उठाकर बेग में भरना शुरू किया और कुछ देर में 150 के लगभग मोबाइल लेकर भाग निकले। फिंगर प्रिंट की जांच में पता चला कि बदमाशों ने हाथों में ग्लब्स पहन रखे थे। बदमाशों ने एसएस मोबाइल शॉप का शटर उचकाने के बाद कांच का गेट भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस की टीमों ने बदमाशों का पता लगाने के लिये कार के आने वाले और जाने वाले मार्गो पर लगे कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये। एक टीम नागझिरी क्षेत्र तक के कैमरे खंगाल चुकी थी। दूसरी टीम देवास की ओर भागना सामने आने पर देवास तक पहुंच गई है। कार का नम्बर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन शाम तक नम्बर स्पष्ट नहीं हो पाया था। सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बदमाशों का पता लगाने के लिये पुलिस टीम काम कर रही है। मोबाइल की कीमत का आंकलन किया जा रहा है। स्पष्ट कीमत और मोबाइल की संख्या बता पाना मुश्किल है।
परिचित ने शटर खुला देख दी सूचना
हाई च्वाइस मोबाइल शॉप का संचालन महाकाल सिंधी कालोनी में रहने वाले नरेश पिता भगवानदास सितलानी द्वारा किया जाता है। सुबह उनके परिचित ने दुकान का शटर उचका देखा तो सूचना दी। नरेश सितलानी के दुकान आने पर चोरी का पता चला। पुलिस जांच के लिये पहुंची तो कुछ दूरी पर एसएस मोबाइल दुकान में भी चोरी की जानकारी सामने आई। एसएस मोबाइल का संचालन ऋषिनगर में रहने वाले अभिषेक पिता विष्णु दवे द्वारा किया जाता है। दोनों के पास सेमसंग, ओपो, आईफोन, एमआई कंपनी के मोबाइल की एजेंसी है। देर शाम दर्ज हुई शिकायत में हाई च्वाइस से 41 लाख और एसएस मोबाइल से 38 लाख के मोबाइल चोरी होना सामने आ चुका था। जो प्रारंभिक जांच का आंकलन है। रिकार्ड मिलान पर कीमत का इजाफा हो सकता है।
एक माह पहले लाखों की सिगरेट चोरी
माधवनगर थाना क्षेत्र के दशहरा मैदान में एक माह पहले महेश्वरी एजेंसी से लाखों की सिगरेट चोरी का मामला सामने आया था। उस दौरान भी बदमाश कार से आना सामने आये थे। पुलिस ने नम्बर ट्रेस किया था, लेकिन कार चोरी होना सामने आई थी। उक्त मामले में अब तक बदमाशों का पता नहीं चल पाया है। यहीं नहीं पिछले वर्ष नम्बर में फ्रीगंज स्थित भाजपा नगर मंत्री की होलसेल किराना दुकान पर भी बदमाशों ने धावा बोला था, जो कार से आना सामने आये थे।
फ्रीगंज में 2 दुकान पर वारदात, नागझिरी तक मिले फुटेज कार से आये बदमाशों ने चुराये लाखों के मोबाइल