इंदौर।ग्राम पंचायत बिहाड़िया में सोमवार रात तेंदुआ दिखाई देने से रहवासियों में दहशत फैल गई। ग्राम पंचायत के पीछे स्थित फार्म विला कॉलोनी में तेंदुआ घूमता हुआ नजर आया। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद रहवासियों को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी मिली।रहवासियों के मुताबिक तेंदुआ इससे पहले भी 16 और 18 सितंबर को कॉलोनी में सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ था। सोमवार रात दोबारा तेंदुआ दिखाई देने के बाद आसपास की अन्य कॉलोनियों के रहवासी भी सतर्क हो गए हैं। लोगों का कहना है कि तेंदुआ अभी भी कॉलोनी के आसपास मौजूद हो सकता है।
28 एकड़ में फैली है कॉलोनी-फार्म विला कॉलोनी करीब 28 एकड़ क्षेत्र में बसी है। यहां 25 से अधिक फार्म हाउस बने हुए हैं। रात में तेंदुआ कॉलोनी के अंदर घूमता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है। रहवासियों ने तेंदुए की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी।