उज्जैन। शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य में बरती जा रही लापरवाही अब आम लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है।चामुंडा माता चौराहे से प्रेम छाया होते हुए भाटगली से पुराने शहर की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर गहरी खुदाई के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सबसे चिंताजनक स्थिति प्रेम छाया से भाटगली जाने वाले मार्ग पर है, जहां बारिश का पानी गहरे गड्ढों में भर जाने के बावजूद सुरक्षा के तहत बैरिकेड्स तक नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में वाहन चालक जान जोखिम में डालकर गड्ढों के किनारे से निकलने को मजबूर हैं।
प्रेम छाया से बहादुरगंज होते हुए भाटगली तक तथा प्रेम छाया से त्रिमूर्ति टॉकीज होते हुए क्षीरसागर जाने वाले मार्ग पर सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सड़क खोदी गई है। इसी तरह देवास गेट से मालीपुरा और दौलतगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर भी खुदाई जारी है। इन मार्गों के एक साथ खोदे जाने से पुराने शहर की ओर जाने वाले प्रमुख रास्ते बाधित हो गए हैं,जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण खुदाई वाले गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे उनकी वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद कई स्थानों पर न तो चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही बैरिकेड्स की व्यवस्था की गई है। मजबूरी में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक गड्ढों के बेहद करीब से वाहन निकाल रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
प्रमुख मार्गों पर बढ़ी परेशानी
प्रेम छाया, बहादुरगंज, भाटगली, मालीपुरा, रानी लक्ष्मीबाई मार्ग, लकड़गंज और कंगालपुरा सहित कई क्षेत्रों में सीवरेज लाइन के लिए जगह-जगह गहरी खुदाई की गई थी । लेकिन जिन स्थानों पर सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है वहां ठीक से सड़क की मरम्मत भी नहीं की गई है वहीं जहां काम चल रहा है वहां निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। बरसात के मौसम में खुले गड्ढे और उनमें भरा पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
कई जगह सुरक्षा इंतजाम नहीं
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में पहले भी सीवरेज लाइन की खुदाई के दौरान खुले गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्माण एजेंसी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। यदि समय रहते बैरिकेड्स, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
निरीक्षण के बावजूद दिख रही लापरवाही
गौरतलब है कि नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा लगातार निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं और लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई भी कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रेम छाया-भाटगली मार्ग पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। नागरिकों ने मांग की है कि खुले गड्ढों को तत्काल बैरिकेड्स से सुरक्षित किया जाए और बारिश के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।