नागपुर-इंदौर वंदे भारत ट्रेन में सफर कर रहे डॉक्टर ने बचाई टीटीई की जान

उज्जैन। रेलवे आरक्षण में चिकित्सकों को प्राथमिकता देने का उद्देश्य नागपुर से इंदौर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सफल हुआ है। ट्रेन में सफर कर रहे नागपुर निवासी डॉक्टर अनूप शर्मा ने ट्रेन के सी-9 कोच में तैनात पश्चिम रेल्वे, रतलाम मंडल में कार्यरत टीटीई महेश त्यागी की जान बचाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी डॉक्टर अनूप शर्मा अपने निजी कार्य से 9 जुलाई को 20912 नागपुर इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस से इंदौर जा रहे थे। वे ट्रेन के सी-3 कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन के पांढुर्णा और बैतूल के बीच पहुंचने पर सी-9 कोच में तैनात पश्चिम रेल्वे, रतलाम मंडल में कार्यरत टीटीई महेश त्यागी की अचानक तबियत बिगड़ गई। उन्हें काफी पसीना, छाती में दर्द, बदन में दर्द, चक्कर की शिकायत हो रही थी। उनके सहयोगी टीटीई ने ट्रेन में डॉक्टर की तलाश शुरू की। डॉक्टर अनूप शर्मा से संपर्क होते ही उन्हें इस बारे में बताया। डॉक्टर अनूप शर्मा ने तुरंत सी-9 कोच में जाकर  टीटीई त्यागी की जांच की। फौरन उन्हें एक्यूप्रेशर दिया। साथ ही कुछ दवाई लिख कर दी। ट्रेन के बैतूल पहुंचते ही यह दवाई ट्रेन में स्टेशन मास्टर के सहयोग से पहुंची। दवा तुरंत टीटीई महेश त्यागी को दी गई। टीटीई की स्थिति में सुधार आया। डॉक्टर शर्मा को इंदौर जाना था, ऐसे में उन्होंने टीटीई की जांच बराबर की। देर रात तक टीटीई की स्थिति सामान्य हो गई । डाक्टर शर्मा की सेवा के लिए उन्हें अन्य यात्रियों की काफी सराहना मिली एवं सम्मान भी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment