उज्जैन। गोरकर परिवार के 2 सगे भाईयों की हत्या में 73 दिनों से फरार चल रहा आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। चारों ओर से घेराबंदी कर चुकी पुलिस से वह बच नहीं सका और गिरकर घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उससे पूछताछ शुरू की गई है।
नीलगंगा थाना पुलिस लोकेश गोरकर और उसके भाई जय गोरकर की हत्या में फरार चल रहे आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है। बुधवार को सूचना मिली कि डबल मर्डर में शामिल एक आरोपी बालाजी परिसर के पीछे दिखाई दिया है, जो अपने घर की ओर जाने की फिराक में है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिये घेराबंदी की। आरोपी ने पुलिस को देखा तो भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान उबड़-खाबड़ रास्ते पर गिर गया। उसके पैर में चोंट लगी थी, जिसके चलते पुलिस की गिरफ्त में आ गया। नीलगंगा टीआई तरूण कुरील ने बताया कि आरोपी नितेश उर्फ खलनायक पिता अजय बौरासी निवासी जबरन कालोनी का रहने वाला है। जिसका प्राथमिक उपचार कराया गया। गुरूवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा। विदित हो कि शनिवार रात को पुलिस ने डबल मर्डर में शामिल 2 आरोपियों सोनू पिता विजय बहादूर पासी और विजय सूर्यवंशी उर्फ छोटू गोल्डन को करोहन से गिरफ्तार किया था। दोनों ने बीच रास्ते में पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया था और पथराव कर दिया था। पुलिस ने दोनों को शार्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ा था।
18 जुलाई की रात चली थी गोलियां
नीलगंगा चौराहा पर पासी समुदाय के 2 दर्जन बदमाशों ने गोरकर परिवार पर हमला किया था और ताबातोड़ गोलियां चलाई थी। कुछ बदमाशों ने पथराव कर तलवार-चाकू से वार किये थे। हमले में लोकेश और जय गोरकर की मौत हो गई थी। चाचा दिलीप गोरकर और चचेरा भाई तपन गोरकर गंभीर रूप से घायल हुये थे। पुराने विवाद में हमला होना सामने आया था। हमले का मुख्य आरोपी रोशन पासी, रोहित पासी, नरेश पासी और नीलू संगत होना सामने आये थे, जो एक जन्मदिन की पार्टी में अपने साथियों के साथ एकत्रित हुये थे और गोरकर परिवार पर हमले की साजिश रचकर नीलगंगा चौराहा पहुंचे थे।
अब तक हो चुकी 18 आरोपियों की गिरफ्तारी
पिछले ढाई माह में पुलिस डबल मर्डर के मामले में 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें 3 नाबालिग और एक महिला शामिल है। सभी को जेल भेजा जा चुका है। अब मामले में चार आरोपियों की तलाश है। जिनके ठिकानों पर पुलिस कई शहरों में दबिश दे चुकी है, बावजूद अब तक गिरफ्त में नहीं आये है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया है।
-पुलिस से बचकर भागने में गिरकर हुआ घायल 73 दिन बाद पकड़ाया डबल मर्डर में फरार आरोपी