नीमच। शहर में अवैध जुए और सट्टे के कारोबार पर नीमच कैंट पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में बंद ऑटो में सवार होकर ईदगाह के पीछे चल रहे जुए के ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस की इस चाक-चौबंद घेराबंदी के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भागने की कोशिश कर रहे सभी 12 जुआरियों को पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से ताश-पत्ते, गोड़ी दाना और 40,580 रुपये की नकदी बरामद की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीमच कैंट थाने के उपनिरीक्षक भगवत सिंह को सूचना मिली थी कि ईदगाह के पीछे कुछ शातिर सटोरी हार-जीत का दांव लगाकर खुलेआम गोड़ी दाना फेंक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की पुष्टि होते ही एएसआई अनिल पुरोहित के साथ आरक्षक राहुल, मधुसूदन, राजेश, कपिल, प्रहलाद, दशरथ, विक्रम, सुरेश, भानुप्रताप, पंकज पाटीदार, ईश्वर और देवेंद्र की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शातिरों को भनक न लगे इसके लिए बंद ऑटो का सहारा लिया और मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शरीफ कुरैशी, अमजद खान, इमरान कुरैशी, सद्दाम कुरैशी, मुबारक कुरैशी, सईद कुरैशी, शहीद, रफीक मीरासी, आबिद हुसैन और शशांक जायसवाल सहित कुल 12 आरोपियों को हिरासत में लिया। कैंट थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के सटोरियों में हड़कंप मच गया है।