दो दिन में शमशान घाट चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

महिदपुर। महिदपुर पुलिस ने शमशान घाट में हुई चोरी की वारदात का मात्र दो दिनों में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। चोरी का सामान खरीदने वालों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) करणदीप सिंह एवं एसडीओपी ज़ेंडेन लिंगज़ेरपा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को फरियादी प्रमोद दावरे निवासी वाल्मीकि गली, महिदपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जुलाई की रात सत्या श्मशान घाट स्थित कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश ब्लोअर मशीन, पंखा, माइकएम्पलीफायर, माइक, तांबे का लोटा, चिलम यूनिट, स्टील की बाल्टी व बर्तन, सीसीटीवी कैमरे का मेमोरी कार्ड सहित अन्य लोहे का सामान चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना महिदपुर में अपराध क्रमांक 309/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने शोहराब खान, असलम उर्फ वकार, रईश खान एवं अकरम शाह को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया करीब 50 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद कर जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल महिदपुर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी शोहराब खान के विरुद्ध वर्ष 2010 से 2026 के बीच बलवा, मारपीट, रास्ता रोकना, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी जैसे तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अकरम शाह के विरुद्ध वर्ष 2018 में बलवा का एक मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment