उज्जैन। कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी और मानसिक दबाव के बीच पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के लिए पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को ईशा फाउंडेशन के सहयोग से योग फॉर मेंटल हेल्थ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 200 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवआरक्षकों ने योग-ध्यान का अभ्यास किया।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरानं ईशा फाउंडेशन की प्रमाणित हठ योग शिक्षिका और पूर्वा मंजरेकर ने प्रतिभागियों को योग और ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान स्वयंसेवक हितेश चौहान, अभिषेक सुमन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रक्षित निरीक्षक रंजीत सिंह और सूबेदार स्वाति कामले ने किया। पुलिस अधीक्षक शर्मा के अनुसार पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और लंबे समय तक ड्यूटी करने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मानसिक शांति, एकाग्रता और धैर्य बनाए रखना महत्वपूर्ण है। योग-ध्यान के अभ्यास के माध्यम से पुलिसकर्मियों को तनाव प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। आगामी सिंहस्थ-2028 में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
तनावमुक्त पुलिस बेहतर सुरक्षा का संकल्प दो सौ पुलिसकर्मियों के साथ नवआरक्षकों ने किया योग