उज्जैन। शनिवार को झुलसाने वाली गर्मी का दौर देखा गया। लू के थपेडों के दौरान सडकों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान जानवर भी छांव ढूंढते देखे गए । जहां ठंडक मिली जानवर वहीं जम गए। गर्मी एवं उमस ने रात का आराम छिन लिया और दिन में भयंकर गर्मी ने चैन नहीं लेने दिया। गर्मी के कारण आमजन जीवन पूरी तरह से प्रभावित देखा जा रहा है। दिन में अधिकतम तापमान 43 डिग्री को पार कर रहा है।
पिछले कुछ दिनों से गर्मी की प्रचंडता बढती जा रही है। पूर्व से घोषणानुसार पारा बराबर उपर की और चढ रहा है। पश्चिम की और से आ रही गर्म हवाओं से चले लू के थपेडे न चैन लेने दे रहे हैं न ही राहत मिल रही है। ऐसे में आम आदमी के साथ ही मवेशी एवं जानवर बेहाल हो रहे हैं। शनिवार दोपहर को इस वर्ष का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। 43 डिग्री तापमान में झुलसाने वाली गर्मी रही है। सुबह के समय भी न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके चलते न रात को चैन मिला न ही दिन को आराम मिल सका है। गर्मी के कारण आम जनजीवन बेहाल हो रहा है।
सडकों पर सन्नाटा –
शनिवार सुबह से ही तापमान के अधिक होने की स्थिति महसूस की जाने लगी थी। सुबह के समय ही सूर्य अपने रोद्र रूप में देखा जा रहा था। दोपहर होते –होते झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा था। आम आदमी की शरीर की चमडी पर दोपहर में चिरमिराहट महसूस हो रही थी। दोपहर के समय में आवागमन के प्रमुख मार्गों के साथ बाजार में सन्नाटा जैसे हाल देखे गए। बाजारों में ग्राहकों की स्थिति नाममात्र को थी तो दुकानदार भी अपनी दुकानों के सामने पर्दे किए हुए थे। शहर की कालोनियों में भी पूरी तरह से सन्नाटा देखा गया।
जानवर दुबकते रहे इधर-उधर-
शहर की कालोनियों के साथ प्रमुख क्षेत्रों में आवारा मवेशियों की गर्मी के मारे बुरे हाल देखे गए। अपरांह् में भी आवारा मवेशी ठंडक वाले स्थानों एवं वाहनों की छांव में छुपते-छुपाते अपने आप को गर्मी के अहसास से बचाते देखे गए । पानी के लिए आवारा मवेशी इधर-उधर भटकते देखे जा रहे थे।
दिन में 43डिग्री रात में 22.5-
शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति के अनुसार शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान सुबह 22.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इस दौरान आर्द्रता 41 प्रतिशत दर्ज की गई थी। सुबह के समय 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। सूर्य के आक्रोशित रूप के कारण शाम को दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि इस वर्ष गर्मी के मौसम में सर्वाधिक तापमान रहा है। शाम को आर्द्रता मात्र 17 प्रतिशत दर्ज की गई। इस दौरान 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थी।
कुछ देर राहत,सूर्य बादलों की ओट में-
दिन भर बैचेनी भरी गर्मी देने वाला सूर्य अपरांह् में कुछ समय के लिए बादलों की ओट में आया इससे कुछ देर उसकी गर्मी से राहत तो मिली लेकिन उमस ने आम आदमी को बैचेन कर दिया। देर शाम तक उमस एवं गर्मी से आम आदमी बैचेन देखा गया है। इलेक्ट्रिक उपकरण पंखे एवं कुलर भी आम आदमी को घरों में राहत नहीं दे पा रहे थे उनसे भी गर्म हवा की स्थिति बनी रही।
सोमवार से शनिवार ऐसे रहे हाल-
दिन न्यूनतम अधिकतम
सोमवार 24.0 39.5
मंगलवार 22.0 40.0
बुधवार 21.0 40.2
गुरूवार 21.2 40.0
शुक्रवार 21.8 41.5
शनिवार 22.5 43.0
स्त्रोत- शासकीय जीवाजी वेधशाला,उज्जैन। नोट –आंकडे डिग्री सेंटीग्रेड में है।