ब्रह्मास्त्र इंदौर
इंदौर जिले में सोमवार दोपहर सास ने जींस पहनने पर डांटा तो बहू ने सुसाइड कर लिया। कमरे के अंदर फंदे से लटकी लाश मिली है। मायके पक्ष ने पति और सास पर प्रताड़ना, दहेज के ताने और मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गौरी (22) पत्नी राहुल के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर घर में मौजूद उनकी छोटी बेटी रो रही थी। इस दौरान पति राहुल ने पत्नी गौरी को आवाज लगाई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद राहुल कमरे में पहुंचा तो गौरी फंदे पर लटकी मिली।
पहली बार ससुराल में पहनी थी जींस, इसी बात पर हुआ विवाद- परिवार के लोगों के अनुसार, गौरी ने पहली बार ससुराल में जींस पहनी थी। इसी बात को लेकर उसकी सास शारदा नाराज हो गईं। गौरी की बहन पूजा ने बताया कि उनकी चचेरी बहन किरण भी उस समय घर पर मौजूद थी, जो पिछले एक महीने से गौरी के साथ रह रही थी। पूजा के मुताबिक, जैसे ही गौरी जींस पहनकर बाहर आई, सास शारदा अंदर पहुंचीं और उसे डांटने लगीं। इस दौरान सास ने राहुल को भी बुरा-भला कहा। बताया जा रहा है कि इस विवाद के बाद गौरी काफी आहत हो गई। अपने कमरे में चली गई। इस वक्त पति राहुल मोबाइल चला रहा था, जबकि गौरी की छोटी बच्ची हॉल में खेल रही थी।
मायके पक्ष का आरोप- दहेज को लेकर किया जाता था प्रताड़ित- मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही गौरी को प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि पति राहुल और सास शारदा उसे दहेज को लेकर ताने मारते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल लंबे समय से कोई काम नहीं कर रहा था, जिससे घर में अक्सर विवाद होते थे।
शादी से पहले मेडिकल में नौकरी की बात कही थी- जानकारी के मुताबिक, गौरी के सास-ससुर गोपुर इलाके में मंदिर के पास प्रसाद और हार-फूल की दुकान लगाते हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी तय करते समय राहुल के परिवार ने कहा था कि वह मेडिकल लाइन में काम करता है, लेकिन शादी के बाद पता चला कि राहुल कोई नौकरी नहीं करता। इसी बात को लेकर भी परिवार में तनाव बना रहता था।