उज्जैन। इंदौररोड पर तालाब का रूप ले चुकी खदान में रविवार को नाबालिग नहाने के लिये उतारा था लेकिन वापस बाहर नहीं आया। उसके डूबने की खबर मिलने पर पुलिस और होमगार्ड की टीम तलाश के लिये पहुंची। 6 घंटे चले अभियान के बाद भी नाबालिग का पता नहीं चल पाया। आज दोबारा से सर्चिंग शुरू की जायेगी।
होमगार्ड प्लाटून कमांडर पुष्पेन्द्र त्यागी ने बताया कि दोपहर में नानाखेड़ा थाना पुलिस के माध्यम से इंदौर रोड स्थित ग्राम निनौरा के पास तालाब में दीपक पिता मनोज 14 साल निवासी निनौरा के डूबने की सूचना मिली थी। तलाशी अभियान के लिये एसडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया। करीब 6 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन डूबने नाबालिग नहीं मिल पाया। उसके डूबने की सही जगह भी सामने नहीं आ पाई थी। सोमवार को उसकी तलाश में डीप डायविंग कराई जायेगी। मामले में नानाखेड़ा थाना पुलिस का कहना था कि सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। नाबालिग के डूबने की सूचना गांव वालों से मिली थी। उसके कपड़े तालाब के पास मिले है। परिजन भी दीपक के कपड़े तालाब किनारे मिलने पर आ गये थे। पिता ने बताया कि सुबह मवेशी चराने के लिये निकला था। आशंका जताई गई कि मवेशी चराते समय वह कपड़े उतारकर नहाने के लिये उतारा होगा उसी दौरान डूबा है। नाबालिग के डूबने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। टीआई नरेन्द्र कुमार यादव का कहना था कि नाबालिग के मिलने पर ही आगे की विवेचना शुरू की जायेगी।
क्षिप्रा नदी से मिली युवक की लाश
तालाब में डूबे नाबालिग की तलाश में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था इसी बीच भूखी माता घाट और लालपुल के बीच महाकाल थाने की सीमा में एक युवक की क्षिप्रा नदी में लाश तैरती दिखाई दी। सूचना पर पुलिस और मां क्षिप्रा तैराक दल के सदस्य पहुंचे। सचिव संतोष सोलंकी ने बताया कि शव को बाहर निकाला गया, मृतक पेंट-बनिया पहने था और शव 3 से 4 दिन पुराना हो चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल पहुंचाया। टीआई गगन बादल ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, संभावना है कि शव कहीं से बहता हुआ लालपुल तक पहुंचा है।
खदान में डूबा नाबालिग, 6 घंटे बाद भी नहीं मिला -होमगार्ड टीम ने चलाया तलाशी अभियान, आज फिर शुरू होगी सर्चिंग