उत्तरप्रदेश के बदमाश ने चुराया था 1.30 लाख का मोबाइल

उज्जैन।  मालवा एक्सप्रेस ट्रेन में चार्जिंग पर लगा 1.30 लाख कीमत का मोबाइल चोरी करने वाला बदमाश उत्तरप्रदेश का होना सामने आया है। जीआरपी ने उसे तकनीकी साक्ष्य के आधार पर हिरासत में लिया तो उसके पास से चोरी के चार अन्य मोबाइल भी बरामद हो गये।
जीआरपी थाना प्रभारी अमित कुमार भावसार ने बताया कि 28 जून को मालवा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे पृथ्वी सोनार निवासी नंदुरबार (महाराष्ट्र) ने ट्रेन के उज्जैन पहुंचने पर शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन के एसी कोच में यात्रा कर रहा था, उसने अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया था। विक्रमनगर स्टेशन के आसपास सैमसंग गैलेक्सी एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये है, अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायत पर मामले में जांच शुरू की गई और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर लोकेशन ट्रेस करने का काम शुरू किया गया। वहीं देवास, इंदौर और उज्जैन स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये। तकनीकी मदद से मोबाइल चोरी करने वाले धर्मेद्र पिता श्याम बिहारी 19 साल निवासी सुभाष नगर ग्राम गोहाण्ड थाना जरिया जिला हमीरपुर उत्तरप्रदेश को एक दिन की तलाश के बाद हिरासत में ले लिया गया। जिसके पास से पृथ्वी सोनार का मोबाइल बरामद किया गया। वहीं चार अन्य मोबाइल भी जप्त किये गये, जो चोरी के होना सामने आये है। चारों मोबाइल के मालिकों का पता लगाया जा रहा है। उत्तरप्रदेश का बदमाश अंतर्राज्यीय स्तर ट्रेनों में वारदात करता था। जिसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment