रतलाम,। रतलाम जिले के आलोट तहसील में पदस्थ एक 30 वर्षीय महिला पटवारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। स्वजनों की शिकायत पर आलोट थाना पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुट गई हैं।जानकारी के अनुसार, बड़वानी की रहने वाली महिला पटवारी दीपिका झीरले आलोट के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं। सोमवार शाम को वे स्थानीय स्तर पर एक प्रशासनिक बैठक में शामिल हुई थीं, जिसके बाद अपने निवास पर पहुंचीं। देर रात तक जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया और फोन बंद आने लगा, तो साथ रहने वाली अन्य पटवारी एवं स्वजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजन इंदौर से तुरंत आलोट पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।पुराने पुरुष मित्र पर संदेह-सूत्रों के मुताबिक, गायब होने के पीछे धार जिले के रहने वाले एक पुराने पुरुष मित्र का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वह रात में आलोट आया था और कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि वह महिला पटवारी को जबरन साथ ले गया है। हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। महिला पटवारी का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार लाल ने बताया कि ”यह हमारे आलोट डिवीजन की बात है। वहां परिजनों ने सूचना दी थी कि उनकी बेटी जो पटवारी है, वह गुम हो गई है। जिसके संबंध में हमने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। परिजनों ने जिन-जिन के साथ जाना बताया है, उनके संबंध में हमने टीम रवाना कर दी है और वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं। उनके मिलने पर जैसे उनके कथन होंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।” अपहरण या किडनैपिंग की आशंका पर उन्होंने आगे कहा कि “अभी इन सभी पहलुओं की हम जांच कर रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
आलोट में पदस्थ महिला पटवारी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब, गुमशुदगी दर्ज; तलाश में जुटी पुलिस