उज्जैन। नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री लक्ष्मण प्रसाद साहु के साथ जयसिंहपुरा में होटल संचालक मनोहरलाल अरोन्या के पुत्र विकास अरोन्या के मारपीट करने के मामले ने तूल पकड लिया है। गुरूवार को आरोपी के थाना में पेश होने पर पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया । आरोपी को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। नगर निगम में यंत्रियों ने कलमबंद हडताल रखी और कर्मचारियों ने गेट मिटिंग की है। अपरांह् में भवन निर्माण शाखा की और से होटल सील की गई है।व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच के क्रम में श्री साहू बुधवार को जयसिंहपुरा क्षेत्र में जांच के लिए पहुंचे थे। वे अपनी टीम के साथ क्षेत्र की मां पीताम्बरा होटल रेजिडेंसी पहुंचे थे। उनके साथ आए कर्मचारी आशीष भाटी पुलिस बल लेने महाकाल थाने गए थे। इसी दौरान वह होटल के रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी से फायर एनओसी, फायर ऑडिट रिपोर्ट और भवन अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ले रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे होटल संचालक पुत्र ने उनके साथ विवाद कर मारपीट की थी। परिचय पत्र फाड दिया था। रिसेप्शन पर रखा वायरलेस सेट, कार्बन पेपर और अन्य दस्तावेज बाहर फेंक दिए, जिससे वायरलेस सेट क्षतिग्रस्त हो गया। मारपीट में श्री साहू के चेहरे, सिर और बाईं आंख में चोट आई। अधिकारियों को जानकारी देने के उपरांत वे थाने पहुंचे और प्रकरण दर्ज करवाया था। थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार शासकीय कार्य में बाधा,मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर होटल के सीसी टीवी कैमरा के फूटेज जब्त किए गए थे। गुरूवार को आरोपी थाना पेश हुआ था जहां से उसे न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी के न्यायालय में पेश किए जाने पर 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।फायर सेफटी आफीसर से मारपीट के मामले में नगर निगम के कर्मचारी एवं अधिकारी गुस्सा गए। गुरूवार को नगर निगम के यंत्रियों ने काली पट्टी बांधी और अपना गुस्सा जताया। कलम बंद हडताल की। यंत्रियों ने कलम बंद हडताल की घोषणा अपने सोश्यल मिडिया व्हाटसप के स्टेटस लगाकर की। दोपहर में गेट मिटिंग के दौरान कर्मचारियों ने भी अपना गुस्सा जताया और इस दौरान मारपीट के मामलों को लेकर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों अधिकारियों की सुरक्षा एवं कार्रवाई को लेकर एक ज्ञापन अपर आयुक्त को दिया है। नगर निगम स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के सचिव एवं मिडिया प्रभारी शैलेष नागर के अनुसार गेट मिटिंग पर प्रदर्शन किया गया है। शुक्रवार को कर्मचारी दोपहर में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए ज्ञापन देंगे।मारपीट के मामले से गुस्साए नगर निगम के कर्मचारी एवं यंत्रियों ने गुरूवार अपरांह् में गैंग एवं जेसीबी एवं अन्य संसाधनों के साथ आरोपी की होटल पहुंचे थे। यहां उपायुक्त संजेश गुप्ता एवं सहायक आयुक्त राघवेन्द्र पालिया की उपस्थिति में निर्माण अनुज्ञा के विपरित निर्मित होटल को नोटिस दिया गया। अपर आयुक्त पवन सिंह के अनुसार सील करने की कार्रवाई भवन निर्माण शाखा की और से अंजाम दी गई है। होटल खाली करवाकर उसे सील किया गया है। अपरांह् में नगर निगम गैंग जेसीबी एवं अन्य संसाधनों के साथ आरोपी की होटल पर पहुंची थी और उसे सील करने की कार्रवाई अंजाम दी गई है। अपर आयुक्त पवन सिंह के अनुसार भवन निर्माण शाखा ने अधिकारियों की उपस्थिति में इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
आफीसर से मारपीट करने वाले आरोपी को जेल भेजा, होटल सील: निगम में की कलमबंद हडताल