उज्जैन। दीपावली पर्व की शुरूआत आज धनतेरस के साथ हो रही है। बाजार पूरी तरह से कारोबार के लिये तैयार दिखाई दे रहा है। गुरूवार को पुलिस कप्तान सुरक्षा-व्यवस्था का देखने के लिये पैदल भ्रमण पर निकले। पटाखा दुकानों पर सुरक्षा के इंतजामों को देखा। वहीं छोटे दुकानदारों से चर्चा की।
सिंहस्थ 2028 विकास कार्यो के बीच दीपावली का त्यौहार आज से शुरू हो रहा है। बाजारों में पर्व की तैयारियों को लेकर लोग खरीददारी के लिये निकल पड़े है। बाजार में सुरक्षा-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुये पुलिस कप्तान प्रदीप शर्मा दोपहर में पुलिस बल, अश्वारोही दल, बम निरोधक दस्ते के साथ पैदल भ्रमण पर निकले। छत्री चौक, गोपाल मंदिर, नगर निगम परिसर पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान पटाखा दुकानों पर सुरक्षा के इंतजामों को परखा और दुकानदारों को लायसेंस प्रति की कॉपी दुकान पर चस्पा करने की बात कहीं। अग्निशमन यंत्रों को चैक किया गया। कप्तान के साथ निकली बीडीडीएस की टीम ने संदिग्ध वस्तुओं की यंत्रों से जांच की। कप्तान ने छोटे दुकानदारों से चर्चा कर धानी-पताशे की खरीददारी कर लोकल फॉर वोकल का संदेश दिया। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अश्वारोही दल को भीड़ वाले क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिये। धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में सुबह 9 से दोपहर 2 बजे और शाम 6 से 12 बजे तक महिला पुलिसकर्मियों को गश्त के लिये अलर्ट करते हुये पुलिसकर्मियों को भ्रमण के निर्देश जारी किये। सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है वह सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से सर्तक और मुस्तैद रहे।
इन मार्गो पर प्रतिबंधित चार पहिया वाहन
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदी करने वालों की भीड़ बनी रहेगी। जिसके चलते यातायात व्यवस्था को बनाये रखने के लिये प्लान तैयार किया गया है। धनतेरस से सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक नये और पुराने शहर के 16 मार्गो पर चार पहिया वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिन मार्गो पर वाहन प्रतिबंधित किये गये है उसमें कंठाल से छत्री चौक, क्षीरसागर से नई सड़क, देवासगेट से नई सड़क, दौलतगंज से नई सड़क, बियाबानी से नई सड़क, सत्यनारायण मंदिर से नई सड़क, कमरी मार्ग से गोपाल मंदिर, टंकी चौराहा से छत्री चौक, लोहे का पुल से महाकाल घाटी, हरसिद्धी पाल से गुदरी चौराहा शामिल रहेगें। फ्रीगंज क्षेत्र में ढक्कन वाला कुआ से शहीद पार्क, बॉम्बे स्टील चौराहा से शहीद पार्क, श्रीगंगा से शहीद पार्क, बजरंगदल कार्यालय से शहीद पार्क और टॉवर से शहीद पार्क की ओर चार पहिया वाहन नहीं जायेगें।
आज धनतेरस का पर्व, 16 मार्गो चार पहिया वाहन प्रतिबंधित बाजार की सुरक्षा-व्यवस्था देखने निकले पुलिस कप्तान