अलीराजपुर के 2 युवक रिमांड पर, 2 युवकों के कबूले नाम गुजरात पासिंग ट्रक में भरी मिली 45 लाख की बीयर

उज्जैन। अवैध शराब का परिवहन होने की खबर पर शनिवार-रविवार रात पुलिस ने नाकाबंदी की और निनौरा टोल के पास से गुजरात पासिंग ट्रक पकड़ा। जिसमें 45 लाख की बीयर भरी होना सामने आई। 2 युवकों को गिरफ्तार कर 3 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। दोनों ने ट्रक में बीयर भरने वाले 2 युवकों के नाम कबूल किये है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि रात में खबर मिली थी कि गुजरात पासिंग ट्रक क्रमांक जीजे 17 यू यू 9877 में अवैध शराब का परिवहन हो रहा है। ट्रक इंदौर की ओर जाने वाला है। सूचना पर एसआई हेमंत जादौन, अनिल ठाकुर, प्रधान आरक्षक दिग्विजयसिंह, आरक्षक मुकेश मालवीय, कमल जसौदिया, अनिल हाड़ा, जगदीश सोनी, राजेश गयंद के साथ निनौरा टोल के पास नाकाबंदी की गई। ट्रक को रोका गया, जिसमें अलीराजपुर के ग्राम रामसिंह की चौकी के रहने वाले रवि पिता जुबानसिंह चौहान 22 साल और गमरा पिता सुरसिंह गुजरिया 26 साल मौजूद थे। दोनों को हिरासत में लिया गया और ट्रक की तलाशी ली गई। जिसमें शराब की पेटियां भरी हुई थी। ट्रक जप्त कर थाने लाया गया। जहां सामने आया कि 900 पेटी बीयर है। जिसके परिवहन के दस्तावेज ट्रक में मौजूद मिले चालक और परिचालक के पास नहीं है। दोनों के खिलाफ मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) का प्रकरण दर्ज किया गया। 900 पेटी की कीमत 45 लाख और ट्रक 55 लाख कीमत का होना सामने आया है।
धार में खाली होना था बीयर से भरा ट्रक
थाना प्रभारी यादव ने बताया कि अवैध शराब परिवहन करते गिरफ्तार किये गये दोनों युवकों को रविवार दोपहर न्यायालय में पेश कर 3 दिनों की रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि अलीराजपुर के रहने वाले बबलू रावत और बबलू पटेल ने ट्रक में बीयर की पेटियां भरी थी और धार में खाल करने को कहा था। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों से पूछताछ जारी है। 2 नाम सामने आने पर उनकी गिरफ्तारी के लिये एक टीम अलीराजपुर रवाना की जायेगी। उसके बाद ही पता चल पायेगा कि 900 पेटी बीयर कहां से और कैसे धार तक पहुंचाई जा रही थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment