इंदौर में फिर लगेगा बड़ा झटका, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 8000 कांग्रेसी भाजपा में होंगे शामिल

 

इंदौर। शहर में कांग्रेस को फिर बड़ा झटका देने की तैयारी है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में आठ हजार से ज्यादा कांग्रेसी भाजपा में शामिल होंगे। कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र एक स्थित दलाल बाग मैदान पर होगा।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में इंदौर विधासनभा क्षेत्र एक, देपालपुर, बेटमा, गौतमपुरा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ इंदौर नगर निगम के कई वर्तमान पार्षद, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, सेवादल के पदाधिकारी, सरपंच आदि शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव दलाल बाग से कलेक्टर कार्यालय चौराहा पहुंचेंगे। वे वहां भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लालवानी का नामांकन फार्म जमा कराएंगे।

कई बड़े नामों से चल रही है चर्चा

पूर्व विधायक शुक्ला ने बताया कि दलाल बाग में होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस के कई बड़े नाम भाजपा में शामिल होंगे। पार्षदों के अलावा कई पूर्व पार्षदों, सरपंचों से अंतिम दौर की चर्चा चल रही है। कई बड़े नेता सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के हाथों भाजपा की सदस्यता गृहण करेंगे।