मुख्यमंत्री यादव की मौजूदगी में आज 8000 कांग्रेसी होंगे भाजपा में शामिल

इंदौर में, सभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी की नामांकन रैली में भी रहेंगे सीएम

इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव आज इंदौर में है। वे जयरामपुर चौराहे पर जनसभा को संबोधित करेंगे और रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी का नामांकन फार्म जमा कराएंगे। मुख्यमंत्री यहां से दलाल बाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां कांग्रेस के आठ हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता दिलवाई जाएगी। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में इंदौर नगर निगम के कई वर्तमान पार्षद, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, सेवादल के पदाधिकारी, सरपंच, पूर्व पार्षद आदि शामिल हैं।

इंदौर विधानसभा-1, देपालपुर के कार्यकर्ता होंगे शामिल

दलाल बाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में इंदौर विधानसभा क्षेत्र-1, देपालपुर, बेटमा, गौतमपुरा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ इंदौर नगर निगम के कई वर्तमान पार्षद, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, सेवादल के पदाधिकारी, सरपंच आदि शामिल हैं। कई बड़े नेता सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के हाथों भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

मंत्री विजयवर्गीय की रणनीति

इंदौर विधानसभा एक और देपालपुर क्षेत्र के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में भाजपा में शामिल करने में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की रणनीति है। करीब एक माह से यह मशक्कत चल रही थी। पहले यह कार्यक्रम एक सप्ताह पहले होने वाला था, लेकिन कुछ बड़े नामों को शामिल करने के लिए इसे आगे बढ़ा दिया।