दर्दनाक हादसों में 2 मासूम बालिकाओं की गई जान

उज्जैन। जिले में बुधवार को दर्दनाक हादसो में 2 बालिकाओं की जान चली गई। एक बालिका के गले में झूले की रस्सी फंदा बन गई। दूसरी बालिका को हाईटेंशन लाइन ने अपनी चपेट में ले लिया। दोनों बालिकाओं की जान जाने से परिवार पर गमों का पहाड़ टूटा पड़ा था।
पहला हादसा नागझिरी थाना क्षेत्र के उद्योगिक क्षेत्र में हुआ है। अशोकनगर के ग्राम जामखेड़ी चंदेसरी से पांच साल पहले आदिवासी परिवार विजय लक्ष्मी इंड्रस्टीज में काम करने आया था। जहां प्लास्टिक का दाना बनाया जाता है। परिवार के मुखिया नारायणसिंह को इंड्रस्टीज ने परिसर में रहने के लिये मकान दिया था। जहां नारायण अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ निवास कर रहा था। बुधवार दोपहर उसकी 10 वर्षीय पुत्री घर में बंधे रस्सी के झूले पर झूल रही थी। उसी दौरान गले में रस्सी उलझ गई और फंदा कस गया। रोशनी के 12 वर्षीय भाई ने उसे लटका देखा तो माता-पिता को बुलाने पहुंचा। लेकिन काफी देर हो चुकी थी। रोशनी को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और मासूम का पोस्टमार्टम कराया। दूसरा हादास नागदा थाना क्षेत्र की इंदिरा कालोनी में हुआ। 9 वर्षीय मासूम अलिशा पिता शाहरूख खान घर की छत पर शाम 6.30 बजे के लगभग खेल रही थी। उसी दौरान बॉल उसके हाथ से छूट गई। वह बॉल उठाने के लिये छत के दूसरे छोर पर पहुंची, जहां करीब से 11 हजार वॉल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। मासूम से जैसे ही बॉल उठाई हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। उसकी मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई। नागदा पुलिस सूचना मिलने पर पहुंची थी। मासूम का शव अस्पताल भेजा गया है। गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।