April 30, 2024

 

दिग्विजय, अरुण यादव लड़ सकते हैं चुनाव, इंदौर से अक्षय कांति बम तो उज्जैन से विधायक महेश परमार हो सकते हैं प्रत्याशी

भोपाल। भारी मशक्कत के बाद कांग्रेस आज लोकसभा प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर सकती है। इस सूची में मध्य प्रदेश की शेष सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो जाएगी। पार्टी लंबे समय से प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन में जुटी थी। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी हो चुकी है। आज कभी भी कांग्रेस उम्‍मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है।

सिंधिया को चुनौती दे सकते हैं अरुण यादव

जानकारी के अनुसार पार्टी ने अपने दिग्गज नेताओं को चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है। गुना से भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया को पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव चुनौती देंगे तो पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से उतारा जा सकता है। रतलाम से कांतिलाल भूरिया को चुनाव लड़ाने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही पार्टी 50 प्रतिशत युवा चेहरों के साथ मैदान में उतरेगी।

दिल्‍ली में बनी दिग्गजों को उतारने की रणनीति

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की बैठक में दिग्गज नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने पर सहमति बनी। इसमें बालाघाट से हिना कांवरे, विदिशा से विधायक देवेंद्र पटेल, उज्जैन से विधायक महेश परमार, शहडोल से विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, रीवा से नीलाम अभय मिश्रा, इंदौर से अक्षय कांति बम, भोपाल से अरुण श्रीवास्तव, दमोह से रंजीता गौरव पटेल, सागर से चंद्रभूषण सिंह बुंदेला को चुनाव लड़ाया जा सकता है। मुरैना और ग्वालियर सीट को लेकर अंतिम निर्णय होना शेष है।