मप्र में 10 दिनों तक बूथ पर दो घंटे बिताएंगे मंत्री, भाजपा पदाधिकारी

 

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा-10 फीसदी वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर बूथों पर पहुंचेंगे 41 लाख कार्यकर्ता

भोपाल। कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष से लेकर बीते दो वर्षों में संगठन के विस्तार और पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए लगातार बूथ सशक्तीकरण का काम किया गया है। पार्टी के इन्हीं प्रयासों की अगली कड़ी है-बूथ विजय अभियान, जो 13 मार्च से शुरू हो रहा है और 22 मार्च तक चलेगा। इस बार पार्टी नेतृत्व ने पिछले चुनाव के मुकाबले 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।
पार्टी के सभी 41 लाख सक्रिय कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अभियान के दस दिनों में बूथों पर पहुंचकर दो घंटे बिताएंगे तथा हर बूथ को ’मोदी बूथ’ बनाते हुए पार्टी का वोट शेयर 10 प्रतिशत बढ़ाने तथा 370 नए वोट हासिल करने की तैयारी करेंगे।

मध्य प्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीटें जीतने के लिए भाजपा बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट की प्लानिंग के साथ जुट गई है। 15 मार्च तक चलने वाले संपर्क अभियान के माध्यम से मोदी सरकार की गारंटियों और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताई जाएंगी।

नव मतदाताओं से होगा संपर्क

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने 10 दिवसीय बूथ विजय अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च से शुरू होने वाले बूथ विजय अभियान के दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ता और सभी सातों मोर्चे बूथों पर पहुंचेंगे। सभी मोर्चों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां और लक्ष्य दिए गए हैं। अभियान के 10 दिनों में सभी कार्यकर्ता इन कामों को पूरा करते हुए 370 प्लस के लक्ष्य को हासिल करने की तैयारी करेंगे।

शर्मा ने बूथों पर किए जाने वाले कुछ प्रमुख कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में 18-19 वर्ष की आयु के 16 लाख मतदाता हैं। प्रत्येक बूथ पर इन मतदाताओं से संपर्क और संवाद किया जाएगा। वहां के प्रबुद्धजन, की वोटर्स और सभी समाजों, वर्गों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, युवा, महिला, खिलाड़ी, शासकीय योजनाओं के लाभार्थी सहित अन्य सभी वर्गों से छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से संपर्क किया जाएगा।

पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान कर उनसे बूथ में 370 वोट बढ़ाने के लक्ष्य के लिए सहयोग मांगा जाएगा। पन्ना प्रमुखों की बैठक बुलाकर उनसे करणीय कार्यों पर चर्चा की जाएगी। इन कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग प्रवासी कार्यकर्ता संगठन ऐप पर रियल टाइम करेंगे।

कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास से जोड़े रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाकर उन्हें डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित करें।

मोदी के नेतृत्व से जुड़ना चाहते हैं लोग

शर्मा ने एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि इन दिनों बड़ी संख्या में लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसकी एक वजह तो यह है कि वे पार्टी की विचारधारा से जुड़ना चाहते हैं, जो देश और उसकी संस्कृति को बचाए रखने के लिए काम रही है। दूसरी वजह है प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के प्रति आकर्षण। इससे प्रभावित होकर अन्य दलों के लोग भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं, इसीलिए भाजपा से जुड़ रहे हैं।