May 1, 2024

मप्र में तीन से चार दिन मनाया जाएगा मकर संक्रांति उत्सव

इंदौर। मकर संक्रांति पर मध्य प्रदेश में तीन से चार दिन उत्सव बनाया जाएगा। इस दौरान पारंपरिक पतंगबाजी, गुल्ली-डंडे सहित अन्य खेल होंगे। वहीं, युवाओं को इस पर्व का वैज्ञानिक महत्व बताने के लिए विज्ञान जागरूकता संबंधित आयोजन होंगे, जिसमें विज्ञानी भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश में 10 से 15 जनवरी के बीच महिला सशक्तिकरण पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों मे 10 जनवरी को जमा होगी।
ये बातें शनिवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने इंदौर में कही। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से युवा दिवस, मकर संक्रांति और लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के संबंध में बैठक ली। मुख्यमंत्री ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिला सशक्तीकरण पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने चार श्रेणियां किसान, युवा, महिला व गरीब बताई है। महिला सशक्तीकरण के लिए प्रदेश सरकार भी काम कर रही है। महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रमों में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्रियान्वित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी जाए। साथ ही उनके रोजगार पर आधारित कार्यक्रम भी हों।