मंगलनाथ व अंगारेश्वर में दोपहर बाद भातपूजा बंद, शाम को लगाए अन्नकूट

 उज्जैन। उज्जैन के प्रसिद्ध मंगलनाथ और अंगारेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को दोपहर बाद ही भातपूजा बंद कर दी गई थी। दरअसल दोनों मंदिरों में शाम को अन्नकूट लगाए गए। मंदिर की परंपरा अनुसार दीपावली के बाद आने वाले मंगलवार को यहां अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। भगवान महामंगल के दरबार में दोपहर 2 बजे तक भातपूजा की रसीद काटी गई व 3 बजे तक पूजा चली। इसके बाद पूजा बंद कर भगवान का अभिषेक-पूजा करने के बाद शृंगार किया गया व अन्नकूट में पकवानों का भोग लगाया गया। पुजारी महंत अक्षय भारती, जितेंद्र भारती ने बताया कि परंपरा अनुसार मंगलवार को अन्नकूट लगाया गया। महामंगल के दर्शन के लिए रात तक श्रद्धालु उमड़े।

कन्हैया रूप में सजे अंगारेश्वर महादेव…56 तरह के पकवानों का भोग लगाया…

अंगारेश्वर महादेव मंदिर में भी दोपहर बाद भातपूजा की प्रक्रिया बंद कर पंचामृत अभिषेक-पूजन, शृंगार कर 56 तरह के पकवानों का भोग लगाया गया व शाम को ढोल-नगाड़ों से महाआरती की गई। अंगारेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी मनीष उपाध्याय, रोहित उपाध्याय ने बताया कि शाम से रात तक यहां भी दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। दोपहर तक मंदिर में भातपूजा का सिलसिला चला। इसके पंचामृत से अभिषेक-पूजन कर अन्नकूट की झांकी सजाई गई। भगवान श्री अंगारेश्वर महादेव कन्हैया रूप में मनमोहक शृंगार में सजे।